अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की इस बार ये होगी थीम, 216 देवी-देवताओं को भेजा निमंत्रण

Edited By Vijay, Updated: 07 Feb, 2020 09:04 PM

meeting about shivratri festival

जल शक्ति, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2020 के आयोजन को अद्वितीय स्वरूप देने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया है। उन्होंने महोत्सव की पुरातन परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ इस बार...

मंडी (पुरुषोत्तम): जल शक्ति, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2020 के आयोजन को अद्वितीय स्वरूप देने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया है। उन्होंने महोत्सव की पुरातन परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ इस बार लीक से कुछ हटकर करने पर बल दिया। वह मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2020 के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त सभागार में महोत्सव की आम सभा की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मंत्री ने बताया कि 22 से 28 फरवरी तक मनाए जाने वाले इस महोत्सव का शुभारम्भ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। मुख्यमंत्री 22 फरवरी को प्रथम जलेब की अगुवाई करेंगे। मध्य जलेब 25 फरवरी को निकाली जाएगी। तीसरी और अंतिम जलेब में 28 फरवरी को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय शामिल होंगे।
PunjabKesari, Meeting Image

हिमाचल के 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित होगी महोत्सव की थीम

बैठक में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व का 50वां वर्ष है, जिसके दृष्टिगत महोत्सव की थीम प्रदेश के 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी विभाग अपने अपने स्तर पर पूर्ण योगदान दें। लीक से कुछ हटकर करने का प्रयास करें। शहर की विशेष सजावट और महोत्सव में आने वाले लोगों के लिए विशेष सुविधाएं हों। उन्होंने सभी विभागों को पड्डल मैदान में लगने वाली विभागीय प्रदर्शनी में सरकार की योजनाओं को अच्छे तरीके प्रदर्शित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में महोत्सव के आयोजन को लेकर गठित सभी उपसमितियों के कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया।
PunjabKesari, Meeting Image

सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को मिलेगी तवज्जो

मंत्री ने महोत्सव में लोक संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया और सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को अधिक अवसर प्रदान करने को कहा। बैठक में सांस्कृतिक उपसमिति के संयोजक अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि महोत्सव में 22 से 27 फरवरी तक 6 सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी जिनमें विशेष तौर पर हिमाचली कलाकारों को मौका दिया जाएगा। इसके अलावा एक-एक सांस्कृतिक संध्या पंजाबी और बॉलीवुड कलाकारों के नाम होगी। महोत्सव में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा। मंत्री ने एक सांस्कृतिक संध्या खासतौर पर प्रदेश के 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा पर केंद्रित करने के निर्देश दिए।
PunjabKesari, Meeting Image

जलेब की पुरातन परंपरा को पुन: स्थापित करें

मंत्री ने देवता उपसमिति से महोत्सव में जलेब की पुरातन परंपरा को पुन: स्थापति करने पर जोर दिया। साथ ही टारना मंदिर में बड़ा देव कामरूनाग के बैठने की अच्छी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने महोत्सव समिति के मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से जुड़ी सारी प्रक्रिया लिपिबद्ध करने के प्रयासों की सराहना की। इसे एक पुस्तक का रूप दिया जा रहा है, जिसमें महोत्सव के आयोजन का संपूर्ण ब्यौरा क्रमवार लिखा रहेगा। ये ‘मार्गदर्शिका’ आयोजकों के लिए एक संदर्भ पुस्तक के तौर पर उपयोगी होगी। सर्व देवता समाज समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा और अन्य बुद्धिजीवियों के सहयोग से ये मार्गदर्शिका बनाई जा रही है जो वर्तमान के लिए तो उपयोगी होगी ही, ये दस्तावेज आने वाली पाढिय़ों के लिए भी महोत्सव के आयोजन में मददगार होगा।
PunjabKesari, Meeting Image

216 देवी-देवताओं को भेजा निमंत्रण

बैठक में देवता उपसमिति के संयोजक एडीएम श्रवण मांटा ने अवगत करवाया कि इस बार 216 देवी देवताओं को महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में पधारने वाले देवी देवताओं, कारदारों और देवलुओं की सुविधा के लिए सभी प्रबन्ध कर लिए गए हैं। मंत्री ने प्रशासन से अगली बार से नए देवताओं को भी महोत्सव में बुलाने को कहा। ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि पूरे जिले से देवताओं की भागीदारी मेले में हो। हर विधानसभा क्षेत्र से देवताओं को आमंत्रित किया जाए। सर्व देवता समाज के प्रधान शिवपाल शर्मा ने अगली शिवरात्रि में इन सुझावों को अमल में लाने का भरोसा दिलाया।

स्मारिका में हो थीम आधारित लेख

मंत्री ने महोत्सव की स्मारिका में थीम आधारित लेख प्रकाशित करने को कहा। उन्होंने स्मारिका को और रोचक, ज्ञानवर्धक व संग्रहणीय बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पर जोर दिया। स्मारिका उप समिति की संयोजक एसडीएम सदर निवेदिता नेगी ने अगवत करवाया कि स्मारिका में मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की थीम के अनुरूप लेखों के अलावा अन्य रोचक जानकारियों के समावोश व हिमाचल की 5 दशकों की विकास यात्रा और इसमें मंडी की भूमिका को दर्शाते चित्र संकलित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

महोत्सव समिति की आमदनी बढ़ाने पर दिया बल

मंत्री ने एडीएम की अध्यक्षता में गठित वित्तीय उपसमिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए महोत्सव समिति की अमादनी बढ़ाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। इसके लिए  सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं को सहभागी बनाने पर जोर दिया। बैठक में एडीएम श्रवण मांटा ने अवगत करवाया कि इस बार पड्डल मैदान की नीलामी से 2.09 करोड़ रूपए की आमदनी हुई है, जो पिछली बार से करीब 20 लाख रूपए अधिक है। इसके अलावा विज्ञापनों के जरिए भी आय सृजित करने पर जोर दिया जा रहा है, जिसके लिए पड्डल में विज्ञापन लगाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। करीब 20 लाख रुपए की आमदनी शिवरात्रि की टिकटों से भी होगी।

महोत्सव के दौरान 7 सैक्टर में बंटेगा मंडी

बैठक में यातायात व्यवस्था उपसमिति के संयोजक पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान मंडी शहर को 7 सैक्टर में बांटा जाएगा। हर सैक्टर में एक राजपत्रित अधिकारी निगरानी करेगा। इसके साथ ही 800 पुलिस के जवान और 200 गृह रक्षक कानून व्यवस्था की दृष्टिगत डियूटी पर रहेंगे। इसके अलावा खेल उपसमिति के संयोजक के तौर पर अपनी बात रखते हुए एसपी ने अवगत करवाया कि महोत्सव में पांच खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जिनमें मुख्य आकर्षण छिंज के अलावा कबड्डी, रस्साकशी, कराटे और रंगोली का आयोजन किया जाएगा।

स्वच्छता की हो अच्छी व्यवस्था

मंत्री ने सफाई व्यवस्था उपसमिति को महोत्सव के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने को कहा। इस मौके पर उपसमिति की संयोजक एवं नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था के लिए उठाए कदमों की जानकारी दी और महोत्सव के दौरान प्रशासन को नगर परिषद की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं मंत्री ने लोक निर्माण विभाग व एनएचएआई के अधिकारियों को मंडी शहर व मंडी की ओर आने वाली सभी सड़कों की समय रहते आवश्यक मुरम्मत करने के निर्देश दिए।

सभी की सहभागिता तय बनाने पर जोर दे रही महोत्सव समिति : डीसी

बैठक में मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने  आयोजन से जुड़ी तैयारियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि समिति महोत्सव को सफल बनाने के लिए समुचित प्रबंध करने में जुटी है। सभी लोगों की सहभागिता से महोत्सव को भव्य व अनूठा स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने विभिन्न प्रबंधों की जानकारी देते हुए अवगत करवाया कि महोत्सव समिति ने इस बार पड्डल मैदान में 150 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की है। जिससे महोत्सव में आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी और करसोग के विधायक हीरा लाल, मंडी नगर परिषद के उपाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, सर्व देवता समाज समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा सहित आम सभा के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य, अतिरिक्त डीसी आशुतोष गर्ग, एसडीएम सदर निवेदिता नेगी, सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्ष उपस्थित रहे। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!