Edited By Punjab Kesari, Updated: 22 Jul, 2017 08:33 PM
प्रदेश की जनता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा कर रह गई है।
मनाली: प्रदेश की जनता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा कर रह गई है। कानून नाम की कोई चीज नहीं है। जनता का वीरभद्र सरकार से विश्वास उठ चुका है, ऐसे में मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र देना चाहिए। मणिकर्ण घाटी में पद यात्रा केदौरान कुल्लू सदर से भाजपा विधायक महेश्वर सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने घाटी के गांव शांगचन, टारवाई, कशाधा, नगोठि, पटाधी, बराधा, टकरेहढ़ धरमौर, जांए बगियांदा में पद यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां केंद्र सरकार की उपलब्धियों का व्याख्यान किया, वहीं प्रदेश सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश की जनता सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
चुनावों में दहाई का आंकड़ा भी छू नहीं पाएगी कांग्रेस
उन्होंने कहा कि आने वाला कल भाजपा का है। चुनावों में जनता कांग्रेस को इकाई के आंकड़े में समेटेगी। कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी छू नहीं पाएगी। इस दौरान उन्होंने कशाधा में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। पद यात्रा में जिला परिषद सदस्य टेक चंद, भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जरी पंचायत के प्रधान चमन ठाकुर, पूर्व प्रधान रमेश शर्मा सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा के वरिष्ठ मीडिया प्रभारी खुशाल सिंह राठौड़ ने बताया कि रविवार को विधायक घाटी के गांव शराणी बेहड़, धारला, हुरन, टटारड़ी व मतेउड़ा में पद यात्रा करेंगे।