Edited By Vijay, Updated: 14 Jan, 2024 10:53 PM
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) अगले वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश सरकार को बजट वृद्धि का प्रस्ताव भेजेगा। सूत्रों के अनुसार बजट प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) अगले वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश सरकार को बजट वृद्धि का प्रस्ताव भेजेगा। सूत्रों के अनुसार बजट प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार भी विश्वविद्यालय की वर्तमान परिस्थितियों, देनदारियों व अन्य जरूरतों को देखते हुए विस्तृत बजट प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। हर वर्ष विश्वविद्यालय की ओर से बजट प्रस्ताव भेजा जाता रहा है लेकिन मांग के अनुरूप विश्वविद्यालय के बजट में कभी भी वृद्धि नहीं हुई है। वर्तमान वित्त वर्ष 2023-24 के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को 152 करोड़ रुपए का बजट मिला है जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में विश्वविद्यालय को 144.9 करोड़ रुपए मिले थे। हालांकि प्रदेश सरकार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 210 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव भेजा था लेकिन विश्वविद्यालय को मांग से 58 करोड़ रुपए कम मिले थे।
210 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव भेजने की तैयारी
सूचना के अनुसार इस बार भी 210 करोड़ रुपए के आसपास का बजट प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया को देखते हुए और अन्य योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रदेश सरकार से अधिक बजट की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 138 करोड़ रुपए, 2020-21 के दौरान 125.50 करोड़, 2019 में 115 करोड़ रुपए, 2018-19 के दौरान 110 करोड़ रुपए बजट मिला था।
एचपीयू में कर्मचारियों के खाली पद भी भरे जाएंगे
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में आगामी दिनों में कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रक्रिया भी शुरू होगी। इसके लिए आवेदन मंगवाए जा चुके हैं और लिखित परीक्षा भी होनी है। ऐसे में विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर और यहां पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन व भत्तों के लिए सरकार से बजट की जरूरत होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here