Edited By Ekta, Updated: 03 Nov, 2019 02:40 PM
पार्वती घाटी में उत्पादित होने वाली क्रीम चरस के उत्पादन स्थल पर पहली बार पुलिस कप्तान गौरव सिंह की सेना ने बड़ी रेड मार कर चरस माफिया के किले को ध्वस्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक क्रीम चरस के इस किले पर 31 लोगों को काला सोना निर्मित करते रंगे...
कुल्लू (मनमिंदर): पार्वती घाटी में उत्पादित होने वाली क्रीम चरस के उत्पादन स्थल पर पहली बार पुलिस कप्तान गौरव सिंह की सेना ने बड़ी रेड मार कर चरस माफिया के किले को ध्वस्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक क्रीम चरस के इस किले पर 31 लोगों को काला सोना निर्मित करते रंगे हाथों पकड़ा है। इसमें नेपाली मजदूरों के साथ स्थानीय लोग भी गिरफ्तार किए गए हैं और चरस माफिया में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कुल्लू जिला की पार्वती घाटी के दुर्गम क्षेत्र पीनसु थाच में कुल्लू पुलिस ने चरस माफिया पर बड़ी कार्रवाई की है।
एसपी कुल्लू गौरव सिंह की अगवाई में मौके से करीब 2 किलो 913 ग्राम चरस, 7 बोरी चरस का बीज बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 19 स्थानीय और 12 नेपाली मजदूर गिरफ्तार किए हैं। घाटी में चरस माफिया पर हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। सूचना के अनुसार खराहल घाटी होकर लगभग 20 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस की टीम चरस की इस खान को खंगालने पहुंची और मौके पर पहुंच कर बड़ी कामयाबी हासिल की। बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस ने सेटेलाइट व गुप्त सूचना के आधार चरस माफिया के ठिकाने पर चढ़ाई की है। इस इलाके से पहले भी चरस तस्करी की बढ़ी शिकायतें सामने आ चुकी है। अब पुलिस की इस बड़ी कामयाबी से जिले में चरस उत्पादन पर अंकुश लग सकता है और चरस निर्माण में संलिप्त बड़ी मछलियां भी गिरफ्त में आएगी।
पुलिस ने शुक्रवार रात 12 बजे के बाद यह छापेमारी की है और शनिवार देर सायं तक इन लोगों को मुख्य सड़क मार्ग तक पहुंचाने में कामयाब हुई है। अब पुलिस को चरस उत्पादन सरगना की तलाश है जिसने इतनी बड़ी संख्या में चरस उत्पादन के लिए मजदूर लगाए थे। एसपी गौरव सिंह की सेना इन अड्डों पर पहुंची है जहां क्रीम चरस का चोरी छिपे निर्माण होता है और विश्व की काली मंडियों तक इसका निर्यात मंहगे दामों पर होता है। सनद रहे कि पार्वती घाटी के किसी भी क्षेत्र की चरस विश्व भर की चरस से उम्दा मानी जाती है। यही कारण है कि चरस माफिया का झुकाब इस घाटी की ओर रहता है। अंतरराष्ट्रीय चरस किंग इस घाटी में यह कारोबार कर चुके हैं। बहरहाल पुलिस की इस कार्यवाही को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।