Edited By kirti, Updated: 29 Nov, 2019 01:45 PM
उपमंडल सलूणी के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत भड़ेला के गांव हलोई के भेड़पालक लोभी राम तथा भान्दल के माधो राम की 38 बकरियां आसमानी बिजली गिरने से मर गर्ईं। जानकारी के अनुसार हलोई का लोभी राम तथा भान्दल का माधो राम अपनी बकरियों को 2 माह पहले चराने...
डियूर (ब्यूरो ): उपमंडल सलूणी के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत भड़ेला के गांव हलोई के भेड़पालक लोभी राम तथा भान्दल के माधो राम की 38 बकरियां आसमानी बिजली गिरने से मर गर्ईं। जानकारी के अनुसार हलोई का लोभी राम तथा भान्दल का माधो राम अपनी बकरियों को 2 माह पहले चराने के लिए पंजाब के शाहपुर कंडी ले गए थे और अब भी अपनी बकरियों के साथ वहीं रह रहे थे। परन्तु बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे खराब मौसम में अचानक खेत में बैठी बकरियों पर आसमानी बिजली गिरी और उसकी चपेट में आने से उनकी 3 दर्जन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
गनीमत यह रही कि लोभी और माधो बकरियों से कुछ दूरी पर थे नहीं तो उन्हें भी खतरा हो सकता था। बिजली गिरने से सबसे ज्यादा नुक्सान हलोई के लोभी राम को हुआ है क्योंकि उसकी 33 बकरियां जबकि माधो राम की 5 बकरियों की मौत हुई है। इस घटना के बाद बकरियों के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण करने बाले लोभी राम को अपने परिवार के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें आर्थिक मदद दी जाए। पंचायत प्रधान लीला देवी ने घटना की पुष्टी करते हुए बताया कि लोभी राम को हुए नुक्सान की सूचना एस.डी.एम. सलूणी को दे दी गई है और प्रभावित परिवार के लिए आर्थिक सहायता देने की अपील की गई है।