Edited By Punjab Kesari, Updated: 16 Mar, 2018 08:44 AM
बल्ह घाटी के टावां गांव से करीब पिछले 7 महीने से लापता फोरैस्ट गार्ड का शव वीरवार को रोहांडा में वन विभाग के हट के समीप बरामद हुआ है जोकि कंकाल में बदल चुका है।
मंडी (नितेश): बल्ह घाटी के टावां गांव से करीब पिछले 7 महीने से लापता फोरैस्ट गार्ड का शव वीरवार को रोहांडा में वन विभाग के हट के समीप बरामद हुआ है जोकि कंकाल में बदल चुका है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार मोहन लाल उर्फ तोता राम करीब 7 महीने पहले अपने दोस्तों के साथ कमरूनाग मंदिर में दर्शन करने गया था। उस समय दोस्त तो घर लौट आए थे लेकिन वह लापता हो गया था। इसके बाद से परिवार के लोगों और पुलिस ने उसकी हर जगह तलाश की लेकिन उसका कोई भी सुराग नहीं लगा।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग हट के समीप देखा नर कंकाल
वहीं वीरवार को स्थानीय लोगों ने रोहांडा में वन विभाग हट के समीप एक नर कंकाल पड़ा हुआ देखा जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. सुंदरनगर तरनजीत सिंह ने बी.एस.एल. थाना पुलिस के साथ घटनास्थल का जायजा लेकर नर कंकाल को कब्जे में लिया। शव को पूरी तरह से जंगली जानवरों ने नोच खाया है।
हत्या हुई या जंगली जानवरों का बना शिकार
डी.एस.पी. ने बताया कि पुलिस ने नर कंकाल को कब्जे में ले लिया है और यह लापता मोहन लाल का है जो बल्ह घाटी के टावां का रहने वाला था। नर कंकाल को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले किया जाएगा और आगे की छानबीन जारी है। अब पुलिस के लिए यह पता लगाना काफी मुश्किल होगा की मोहन लाल की हत्या हुई थी या वह जंगल में खोकर जानवरों का शिकार हुआ होगा।