Edited By Vijay, Updated: 27 Dec, 2018 11:25 PM
प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में रखी जन आभार रैली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकास की दृष्टि से प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल सफल रहा है। उन्होंने विकास में सहयोग देने पर जनता का...
धर्मशाला (जिनेश): प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में रखी जन आभार रैली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकास की दृष्टि से प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल सफल रहा है। उन्होंने विकास में सहयोग देने पर जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस एक साल के दौरान जनकल्याणकारी नीतियों व विकास को अंतिम छोर पर बैठे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की दुनिया भर में एक अलग पहचान है। सरकार के प्रयास व जनता के सहयोग से हिमाचल देश में आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार
उन्होंने केंद्र सरकार विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश के विकास के लिए करोड़ों की विकास परियोजनाएं व उदार वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला एक ऐतिहासिक स्थान है। पर्यटन की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा का भी जिक्र किया, साथ ही कारगिल युद्ध के दौरान देश के 4 परमवीर चक्र विजेताओं में से प्रदेश के 2 वीर जवानों की भी बात की और उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि ही नहीं वीरभूमि भी है।
68 में से 63 विधानसभा क्षेत्रों का कर चुके हैं दौरा
वहीं उन्होंने मंच से कहा कि वह खुद हिमाचल को करीब जाकर समझना चाहते थे जिसके चलते एक साल में प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में से 63 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा वह खुद कर चुके हैं तथा जहां-जहां विकास की गति रुकी हुई थी, उन क्षेत्रों में जाकर विकास के कार्यों को फिर से शुरू करवाया है। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम में अब तक करीब 20,000 से अधिक समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा चुका है।
विपक्ष कर रहा गलत बयानबाजी
विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष इन सभी चीजों से विचलित है और गलत बयानबाजी कर रहा है। केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश सरकार को मुहैया करवाई जा रही धनराशि को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक साढ़े 9,000 करोड़ की राशि केंद्र सरकार से प्रदेश को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जरूरत हिमाचल को है और आने वाले लोकसभा चुनावों में फिर से चारों सीटें भाजपा जीतेगी।