Edited By Punjab Kesari, Updated: 05 Jul, 2017 04:18 PM
हिमाचल प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा ने युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को विधानसभा चुनावों तक घर पर ही नजरबंद करने की मांग उठाई है।
मंडी (नीरज शर्मा): हिमाचल प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा ने युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को विधानसभा चुनावों तक घर पर ही नजरबंद करने की मांग उठाई है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश सिपहिया ने नगर निगम शिमला के पार्षद के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए इसके लिए विक्रमादित्य को जिम्मेवार ठहराया। उन्होंने कहा कि पार्षद के साथ जो मारपीट हुई है वह उनके इशारों पर ही हुई है।
विक्रमादित्य सिंह आए दिन फैला रहे गुंडागर्दी
उन्होंने कहा कि भाजपा पर अभी तक जो तीन बड़े हमले हुए हैं उनमें विक्रमादित्य का प्रत्यक्ष रूप से नाम सामने आ रहा है। लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। महेश ने कहा कि पार्षद पर हुए हमले को लेकर भी उनके खिलाफ धारा 120 बी के तहत मुकद्दमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह आए दिन गुंडागर्दी फैला रहे हैं जिससे राज्य का माहौल खराब हो रहा है। इन सब बातों का हवाला देते हुए उन्होंने विक्रमादित्य को विधानसभा चुनावों तक नजरबंद करने की मांग उठाई है।