Edited By Punjab Kesari, Updated: 30 May, 2017 08:08 PM
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला में मंगलवार को प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे।
चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला में मंगलवार को प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की देवभूमि हिमाचल प्रदेश को मुख्यमंत्री के कारण हास्य का पात्र बनना पड़ा है क्योंकि देश में यह पहला मौका है जब किसी राज्य के मुख्यमंत्री को बतौर मुख्यमंत्री जमानत लेने के लिए अदालत में पेश होना पड़ा। राज्य की छवि इससे प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को राज्य के विकास की चिंता होनी चाहिए लेकिन यहां स्थिति विपरीत है। मुख्यमंत्री को प्रदेश की नहीं बल्कि अपने मौजूदा कार्यकाल में अपनी चिंता सताती रही है।
एस.डी.एम. के माध्यम से सौंपे जाएंगे आरोप पत्र
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशवासियों के हितों को लेकर सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हो चुकी है और इसी के चलते प्रदेश के प्रत्येक भाजपा मंडल स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ता उपमंडल स्तर पर सड़कों पर उतर कर एस.डी.एम. के माध्यम से सरकार के खिलाफ आरोप पत्र सौंपने के कार्यक्रम को अंजाम देंगे। उन्होंने कहा कि यह चार्जशीट सिर्फ रैली तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाकर इसके बारे में लोगों को जानकारी देंगे।
जनता के मूड को समझते हुए सड़कों पर उतरें कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को कई कल्याणकारी योजनाओं का तोहफा दिया लेकिन चिंता की बात है कि राज्य सरकार उन योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में सफल नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं कि जब तक हिमाचल में भाजपा की सरकार नहीं बनती तब तक प्रदेश के विकास में कांग्रेस सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से ग्रस्त होकर रोड़ा अटकाती रहेगी। प्रदेश की जनता इस बात को समझ चुकी है इसलिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को जनता के इस मूड को समझते हुए क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरना होगा।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त होगा हिमाचल
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देश की जनता ने देश को कांग्रेस मुक्त व भाजपा युक्त बनाया है, इसी तरह अबकी बार प्रदेश विधानसभा चुनाव में यहां की जनता भी हिमाचल को कांग्रेस मुक्त व भाजपा युक्त बनाने जा रही है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, सांसद शांता कुमार, विधायक बी.के. चौहान, विधायक विक्रम जरियाल, पूर्व विधायक रेणू चड्ढा, भाजपा मंडलाध्यक्ष डल्हौजी विनोद महाजन व भाजपा जिला महामंत्री जय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।