Edited By Vijay, Updated: 01 Sep, 2020 05:05 PM
जिला कुल्लू में राजस्व महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। जिला में एक साथ 47 कानूनगो और पटवारियों को बदल दिया गया है। हालांकि अधिकारियों की ओर से तर्क दिया जा रहा है कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार यह एक्शन हुआ है।
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): जिला कुल्लू में राजस्व महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। जिला में एक साथ 47 कानूनगो और पटवारियों को बदल दिया गया है। हालांकि अधिकारियों की ओर से तर्क दिया जा रहा है कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार यह एक्शन हुआ है। दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि कुछ शिकायतों का भी इस फेरबदल के पीछे असर रहा है। कई कानूनगो-पटवारी कई वर्षों से एक ही स्थान पर डटे हुए थे, अब इनका एरिया बदल दिया गया है।
अभी कुछ और भी होंगे तबादले
बताया जा रहा है कि अभी कुछ और तबादले भी होंगे। पूर्व में भी कई मामलों में शिकायतों का क्रम चलता रहा। जगह-जगह आयोजित जनमंचों में भी शिकायतों के अंबार रहे। हालांकि कुछ शिकायतें ऐसी रहीं जिनका समाधान हो गया लेकिन कुछ शिकायतें ऐसी भी थीं जिनका समाधान बदलाव ही माना जा रहा था। इस पर सरकार भी मंथन कर रही थी।
5 वर्षों से भी अधिक समय एक ही जगह पर बिताया
नियमानुसार 3 वर्षों के उपरांत ट्रांसफर का नियम है लेकिन कई ऐसे भी थे जो पिछले 5 वर्षों से भी अधिक समय से एक ही जगह रहे, ऐसे में कई जगहों पर राजस्व संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। अधिकारियों का यह भी तर्क है कि इस प्रकार के आदेश 2016 में ही आ गए थे लेकिन इन्हें अब लागू किया गया। हालांकि इन तबादलों के बीच कई अब एडजस्टमैंट करवाने के लिए भी जुगाड़ में लगे हुए हैं।