Edited By Punjab Kesari, Updated: 23 Jan, 2018 07:32 PM
शहर के एक बैंक में तैनात मैनेजर को महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
सोलन: शहर के एक बैंक में तैनात मैनेजर को महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मैनेजर ने ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन किया हुआ था और चैक पास करवाने गई महिला के साथ उसने छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के बाद उसका मैडीकल करवाया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को चैक के माध्यम से पैसे निकलवाने के लिए बैंक गई थी। इस दौरान वह मैनेजर के पास चैक पास करवाने गई तो पहले उसने चैक पास करने से मना कर दिया और बाद में उससे छेड़छाड़ की।
छेड़छाड़ के बाद महिला ने मचाया शोर
इसके बाद जब महिला ने शोर मचाया तो बैंक में तैनात अन्य कर्मचारी व उपभोक्ता भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर उसका मैडीकल करवाया। ए.एस.पी. मनमोहन सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। महिला की शिकायत पर बैंक मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।