Edited By Punjab Kesari, Updated: 05 Aug, 2017 11:05 PM
फेसबुक पर नाचन के भाजपा विधायक पर लगाए गए आरोप पर भाजपा कार्यकर्ता बचाव में उतर आए हैं।
सुंदरनगर: फेसबुक पर नाचन के भाजपा विधायक पर लगाए गए आरोप पर भाजपा कार्यकर्ता बचाव में उतर आए हैं। फेसबुक पर भिड़े नाचन भाजपा के कार्यकर्ताओं की लड़ाई पुलिस तक पहुंच गई है। जिला भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र भंडारी और पंचायत समिति उपाध्यक्ष लेखराज ने बी.एस.एल. कालोनी थाना में एक लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि फेसबुक पर नाचन के भाजपा विधायक सहित कार्यकर्ताओं की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
बदनाम करने के लिए पोस्ट किया भ्रामक संदेश
आरोप में दोनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि सुंदरनगर में सुदेश चौहान नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाऊंट में भाजपा के नाचन विधायक विनोद को बदनाम करने के लिए कोई भ्रामक संदेश व जानकारी पोस्ट की है। बी.एस.एल. कालोनी थाना प्रभारी रामकृष्ण ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। पुलिस ने फिलहाल फेसबुक अकाऊंट की जांच शुरू कर दी है। उसके उपरांत मामले की गंभीरता सामने आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।