Edited By Updated: 25 May, 2017 09:19 AM
शिमला के 13,000 उपभोक्ताओं ने नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर दिया है।
शिमला: शिमला के 13,000 उपभोक्ताओं ने नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर दिया है। इससे निगम को अब तक 6 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है जबकि प्रशासन द्वारा 18,000 उपभोक्ताओं को करीबन 13 करोड़ रुपए के बिल जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन इनसे वर्ष 2017-18 का प्रॉपर्टी टैक्स वसूल कर रहा है। निगम को संपत्ति कर से करीबन 12 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्ति होनी है। उनकी कर शाखा में संपत्ति कर का भुगतान करने के लिए इन दिनों उपभोक्ताओं की खासी भीड़ लगी रहती है।
ऑनलाइन टैक्स जमा करवाने की सुविधा भी दी जाएगी आम जनता को
बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा ऑनलाइन टैक्स जमा करवाने की सुविधा भी आम जनता को प्रदान की जा रही है। मार्च, 2012 के डिफाल्टरों से करीबन साढ़े 5 करोड़ रुपए की रिकवरी होनी थी, जिसमें से निगम ने 5 करोड़ से अधिक की रिकवरी कर ली है जबकि 19 करोड़ रुपए की वसूली करना शेष रह गया है। इसके लिए निगम ने डिफाल्टरों को कई बार नोटिस जारी किए हैं। एम.सी. ने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले डिफाल्टरों को सैक्शन 124 के तहत संपत्ति कुर्क करने को लेकर नोटिस जारी किए हैं, जिसमें से निगम अब तक 26 उपभोक्ताओं की संपत्ति अटैच कर चुका है जबकि 87 डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।