Edited By Updated: 20 Apr, 2016 04:10 PM

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के 3 वर्ष से ज्यादा का समय अपने विरोधियों के खिलाफ षड्यंत्र...
शिमला: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के 3 वर्ष से ज्यादा का समय अपने विरोधियों के खिलाफ षड्यंत्र रचने एवं झूठे आरोपों में ही निकाल दिया। उन्होंने कहा कि कभी अच्छे प्रशासक की छवि वाले वीरभद्र ने इस कार्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल सहित अपने ही कांग्रेसी नेताओं ठाकुर कौल सिंह, जी.एस. बाली, विप्लव ठाकुर व सुखविंदर सिंह सुक्खू इत्यादि के खिलाफ द्वेषपूर्ण बयानों से अपनी छवि एक नकारात्मक इंसान की बना ली है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि मुख्यमंत्री के अभिमान और हठधर्मिता के कारण प्रदेश के विकास की कई योजनाओं को ग्रहण लग गया है। भ्रष्टाचार के केसों के लिए मुख्यमंत्री सैंकड़ों बार दिल्ली जाते रहे हैं लेकिन कभी प्रदेश हित की पैरवी के लिए केंद्रीय नेताओं से मिलकर प्रदेश के विकास के लिए कोई नई योजना स्वीकृत नहीं करवा पाए। सतपाल सत्ती ने कहा है कि मुख्यमंत्री को समझना होगा कि हिमाचल 80 प्रतिशत से अधिक केंद्रीय आॢथक सहायता के सहारे चल रहा है।
मुख्यमंत्री स्वयं सोचें
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता व पद का दुरुपयोग करके भले ही मुख्यमंत्री कुछ और दिन तक अपने आप को बचा पाने में सफल हो पाएं लेकिन आज स्वयं मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए कि इन 3 वर्षों में प्रदेश की क्या हालत हो गई है। उन्होंने कहा है कि कैग रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2018-19 तक ऋणों के जाल में उलझ कर हिमाचल असफल राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो जाएगा।