Edited By Updated: 11 Apr, 2016 05:28 PM

हिमाचल के कांगड़ा जिले में पहले नवरात्र पर मां चामुंडा के मूल स्थान हिमानी चामुंडा मंदिर में दर्शन को जा रहीं 2 विदेशी महिला पर्यटकों ने पंजाबी युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
पालमपुर (कांगड़ा): हिमाचल के कांगड़ा जिले में पहले नवरात्र पर मां चामुंडा के मूल स्थान हिमानी चामुंडा मंदिर में दर्शन को जा रहीं 2 विदेशी महिला पर्यटकों ने पंजाबी युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक घटना से सहमी विदेशी महिलाएं अपने दोस्त के साथ बिना माथा टेके आधे रास्ते ही लौट आईं।
कानूनी पचड़े से बचने के लिए विदेशियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। बताया जा रहा है कि छेड़छाड़ करने वाले युवक पंजाबी में बात कर रहे थे। पालमपुर के जिया क्षेत्र से हिमानी चामुंडा तक 13 किलोमीटर दुर्गम चढ़ाई पैदल की चढ़नी पड़ती है। यहां आबादी भी न के बराबर है। आपको बता दें कि शुक्रवार को 2 विदेशी महिला पर्यटक अपने साथी के साथ हिमानी चामुंडा मंदिर को जा रहे थे। अभी आधा रास्ता ही तय किया था कि सुनसान जंगल में कुछ युवक छेड़छाड़ कर फरार हो गए। तीनों बीच रास्ते से वापस लौट आए।
नीचे पहुंचकर उन्होंने एक रिटायर बैंक अधिकारी को आपबीती सुनाई। रिटायर अधिकारी विदेशी पर्यटकों को पूर्व विधायक प्रवीण कुमार के पास ले आए। डी.एस.पी. विकास धीमान ने कहा कि विदेशी महिलाओं से छेड़छाड़ का मामला नहीं है। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन करेगी और शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।