Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jun, 2025 10:12 PM

जिला ऊना के धार्मिक स्थल ब्रह्माहुति के निकट सतलुज दरिया में बहने से 2 युवकों की मौत हो गई। मामला शनिवार देर सायं तब सामने आयाए जब यहां माथा टेकने आए युवकों में से एक सतलुज दरिया में नहाने चला गया।
ऊना (सुरेन्द्र): जिला ऊना के धार्मिक स्थल ब्रह्माहुति के निकट सतलुज दरिया में बहने से 2 युवकों की मौत हो गई। मामला शनिवार देर सायं तब सामने आयाए जब यहां माथा टेकने आए युवकों में से एक सतलुज दरिया में नहाने चला गया। पानी के तेज बहाव का वह अंदाजा नहीं लगा पाया और गोते खाने लगा। उसको देखकर दूसरा युवक उसे बचाने गया और वह भी डूब गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
गोताखोरों को बुलाया गयाए जिसके बाद कलसेहड़ा के युवक के शव को तो निकाल लिया गया लेकिन अंधेरा होने की वजह से दूसरे युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। जानकारी के मुताबिक एक का नाम रितांष बाली निवासी गांव कलसेहड़ा, जबकि दूसरे का नाम विकास शर्मा है, जो लुधियाना का रहने वाला था और अपने नानके घर गांव थलूह आया हुआ था। जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी विकास ब्रह्माहुति मंदिर अपने परिवार के साथ माथा टेकने आया था और माथा टेकने के उपरांत नहाने के लिए सतलुज दरिया में चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 2 लोग इस दौरान रैस्क्यू करने पानी में गए, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। इसी स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। यहां चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है लेकिन इसके बावजूद हादसे नहीं थम रहे हैं। पुलिस थाना मैहतपुर ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।