Edited By Kuldeep, Updated: 08 Jun, 2025 09:24 PM

रविवार को कोटखाई क्षेत्र के दरबार नामक स्थान के समीप गिरी खड्ड में कपड़े धोते समय दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव दरबार निवासी 47 वर्षीय कांता शर्मा और उनकी 30 वर्षीय बेटी ममता शर्मा के रूप में हुई है।
रोहड़ू (बशनाट): रविवार को कोटखाई क्षेत्र के दरबार नामक स्थान के समीप गिरी खड्ड में कपड़े धोते समय दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव दरबार निवासी 47 वर्षीय कांता शर्मा और उनकी 30 वर्षीय बेटी ममता शर्मा के रूप में हुई है। यह दुखद हादसा दोपहर लगभग 12:30 बजे के आसपास हुआ, जब दोनों महिलाएं घर के नजदीक गिरी खड्ड पर कपड़े धोने गई थीं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंकुश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर कांता शर्मा का शव पानी से बाहर मिला जबकि ममता शर्मा का शव कुछ दूरी पर बहाव में पड़ा मिला। घटनास्थल पर दो बाल्टियां, कंबल, कपड़े, एक जोड़ी जूते-चप्पल और सर्फ एक्सेल का पैकेट भी पड़ा हुआ मिला। खड्ड का पानी बेहद गहरा था और वहां चट्टानें भी थी, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी और मृतकों के परिजन सुनील शर्मा (पति-पिता) ने पुलिस को बताया कि सुबह 9 बजे वह और उनका बड़ा बेटा लव शर्मा खेत में काम के लिए निकल गए थे।
घर पर कांता, ममता और छोटा बेटा कुश शर्मा मौजूद थे। दोपहर तक कांता और ममता फोन नहीं उठा रही थी, तो सुनील ने अपने बेटे कुश को फोन किया। कुश ने बताया कि मां और बहन करीब 12:15 बजे कपड़े धोने गिरी खड्ड गई थी। बाद में कुश जब उन्हें देखने गया तो पाया कि ममता खड्ड में डूब गई थी और कांता का पता नहीं चल रहा था। परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से कांता का शव भी पानी से बाहर निकाला महिला कांस्टेबल द्वारा दोनों शवों का निरीक्षण किया गया, जिसमें किसी प्रकार की संदिग्ध चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों महिलाओं की मौत कपड़े धोते समय पैर फिसलने और पानी में डूबने से हुई है। पोस्टमॉर्टम के उपरांत दोनों शवों को उनके परिजन सुनील शर्मा को सौंप दिया गया। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई जारी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। मां-बेटी की एक साथ मौत से गांववासी स्तब्ध और दुखी हैं।