Edited By Vijay, Updated: 02 May, 2024 08:39 PM
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तो अच्छा है पर सुक्खू भाई रोते ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस में कोई चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है।
शिमला (हैडली): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तो अच्छा है पर सुक्खू भाई रोते ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस में कोई चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। इसी कारण कांग्रेस नेताओं काे पत्र लिखकर चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। जयराम ने आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को सम्मान नहीं दे रही है। इसी कारण स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को लगाने के लिए उसने 2 गज जमीन नहीं दी। इससे लगता है कि कांग्रेस पार्टी में अपने नेता के प्रति कितना सम्मान है। जयराम रोहड़ू में भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
जयराम ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को भी सरकार की तरफ से राहत राशि नहीं मिली। जिन लोगों ने अपने बगीचे, घर और पशुशाला को खोया, उनको कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदेश में हजारों की संख्या में चले हुए संस्थान बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने बिना कोई गारंटी दिए महिलाओं का किराया आधा करने के अलावा बिजली और पानी के बिल माफ किए। इसके अलावा हिमकेयर से 5 लाख रुपए का इलाज नि:शुल्क किया। गंभीर बीमारियों से जूझने वालों के लिए भी पूर्व सरकार ने सहारा योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की तरफ से इस तरह की योजनाएं बंद कर दी गई हैं।
जयराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परफाॅर्मैंस बेस्ड राजनीति को शुरू किया है। इस कारण विश्व का ध्यान भारत की ओर है। उन्होंने कहा कि आज शक्तिशाली देश प्रधानमंत्री की तारीफ कर रहे हैं। इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप, विधायक बलबीर वर्मा और भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता मौजूद थे। नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी में इस दौरान 25 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here