ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में ही प्रदेश की आर्थिक मजबूती निहित: संजय अवस्थी

Edited By Jyoti M, Updated: 26 Feb, 2026 10:56 AM

la fortaleza económica del estado reside en su desarrollo integral

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मज़बूत कर आत्मनिर्भर हिमाचल के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।

सोलन। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मज़बूत कर आत्मनिर्भर हिमाचल के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। संजय अवस्थी आज अर्की उपमण्डल की ग्राम पंचायत सनयाड़ी मोड़ के गांव पनसोड़ा में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनने के उपरान्त जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थेे।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में ही प्रदेश की आर्थिक मज़बूती निहित है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए एक और जहां कृषि, बागवानी एवं दुग्ध उत्पादन क्षेत्र को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए अनेक दीर्घकालिक निर्णय लिए गए हैं वहीं ग्राम स्तर तक सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाया जा रहा है।

संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में अभूतपर्व वृद्धि कर यह सुनिश्चित बनाया है कि दुग्ध उत्पादकों को बेहतर लाभ मिले। प्रदेश सरकार का यह निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी निर्णायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशु पालन एवं दुग्ध एकत्रीकरण में महिलाओं का योगदान सर्वविदित है और दूध के मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में और वृद्धि की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भिक चरण में गेहूं, हल्दी और मक्का जैसे प्राकृतिक कृषि के माध्यम से उगाए गए उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने से किसान व्यापक स्तर पर लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से उगाई गई अदरक के लिए भी न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने का मामला मुख्यमन्त्री एवं कृषि मन्त्री के ध्यान में लाया गया है। उन्होेंने युवाओं से आग्रह किया कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने घर-द्वार के समीप रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्राप्त करें।  

विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश को बहुमूल्य खनन निधि प्राप्त हो रही है और उनके सत्त प्रयासों से वर्ष 2021 के उपरान्त खनन निधि से अर्की विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए समुचित धनराशि प्राप्त होना आरम्भ हुई है। वर्ष 2021 के उपरान्त पहले वर्ष में ही इस निधि से अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए 24 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि गत तीन वर्षों में ग्राम पंचायत सनयाड़ी मोड़ में विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 75 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंनेे कहा कि नालसू नाला से जावल सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए 16.50 लाख रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं।

उन्होंने लिली फार्म से पनसोडा होते हुए चाम्बा गांव तक मार्ग निर्माण के लिए 27 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस मार्ग के लिए पूर्व में 19 लाख रुपए उपलब्ध करवाए ग्ए हैं। उन्होंने चाम्बा गांव के सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, पनसोडा, चाम्बा व कुणकुणू गांव में मोक्षधाम के लिए एक-एक लाख रुपए, गांव छामला चलेरनी में पेयजल टैंक के लिए 6.80 लाख रुपए तथा जठोथ सम्पर्क मार्ग के लिए आकलन अनुसार धनराशि प्रदान करने की घोषणा की।

विधायक ने कोठी गांव में वोल्टेज की समस्या के निदान के निर्देश भी दिए। उन्होंने इस अवसर पर महिला मण्डल पनसोडा, छामला, जठोत व चाम्बा के लिए 21-21 हजार रुपए तथा महिला मण्डल पनसोडा के भवन निर्माण के लिए भूमि की औपचारिकताओं के पूर्ण होने के अनुरूप प्रथम चरण में 02 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने युवक मण्डल पनसोडा को 11 हजार रुपय देने की घोषणा भी की। विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में वह सदैव कार्यरत रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।  

उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-माँगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से नरेश अवस्थी, संजय ठाकुर, कपिल ठाकुर, शकुंतला शर्मा, कृष्ण देव शर्मा, हीरामणि शर्मा, मनसा राम, हेतराम, कांग्रेस सेवादल अर्की के अध्यक्ष जयप्रकाश, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल, महिला मण्डल पनसोड़ा, चाम्बा, जठोह, छामला के सदस्य, शिव महिला स्वंय सहायता समूह चाम्बा के सदस्य, युवक मण्डल पनसोड़ा, कुंकुनू के सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण इस  अवसर पर उपस्थित थे।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!