स्क्रब टाइफस से बचाव के लिए जानकारी होना आवश्यक

Edited By Rajneesh Himalian, Updated: 11 May, 2021 05:46 PM

knowledge of how to prevent scrub typhus

सी.एम.ओ. बिलासपुर डा. प्रकाश दरोच ने बताया कि कोविड-19 के साथ अन्य बीमारियों के बारे में जानकारी होना आवश्यक है।

बिलासपुर (ब्यूरो): सी.एम.ओ. बिलासपुर डा. प्रकाश दरोच ने बताया कि कोविड-19 के साथ अन्य बीमारियों के बारे में जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अब बरसात का मौसम आने वाला है, जिसमें स्क्रब टाइफस फैलने का खतरा होता है। इसलिए कोविड के साथ-साथ इसकी जानकारी भी आम जनता को होनी आवश्यक है, ताकि इससे समय रहते बचा जा सके। उन्होंने बताया कि स्क्रब टाइफ स एक रिकेटसिया नामक जीवाणु से फैलता है, जोकि पिस्सुओं में पाया जाता है।
संक्रमित पिस्सू जंगली चूहों में पाए जाते हैं, जोकि घरों के आसपास उगी घास व खेतों से घरों में आ जाते हैं और पिस्सू उन्हीं से घरों में फैल जाते हैं। जब संक्रमित पिस्सू स्वस्थ आदमी को काटता है तो स्क्रब टाइफस होता है। इससे बचने के लिए उन्होंने बताया कि हमें घरों के आसपास उगी घास व खर-पतवार को साफ कर देना चाहिए। घरों के अंदर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए व पिस्सुओं को मारने के लिए घरों में कीटनाशक का छिड़काव करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अपनी व अपने कपड़ों की सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। खेतों में काम करते समय शरीर को पूरे ढके हुए कपड़े पहनने चाहिए तथा पैरों को पूरे ढकने वाले जूते पहनने चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्क्रब टाइफस वाले मरीज को 104 से 105 डिग्री तक बुखार होता है, जोड़ों में दर्द, गर्दन, बाजुओं के निचले भाग व कूल्हों में गिल्टियां होना इसके लक्षण होते हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र जाकर डाक्टर को दिखाएं। अपनी मर्जी से दवा न खाएं। उन्होंने सभी को सलाह दी कि उपरोक्त बताए गए बचाव के तरीकों पर अवश्य अमल करें और अपने आप को स्क्रब टाइफस से बचाएं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!