Edited By Kuldeep, Updated: 15 Mar, 2026 11:13 PM

उपमंडल के बदेहड़ गांव में रविवार देर शाम को एक दोमंजिला कच्चा मकान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे दिहाड़ी-मजदूरी करने वाली महिला बेघर हो गई है।
जोगिंद्रनगर (विनोद): उपमंडल के बदेहड़ गांव में रविवार देर शाम को एक दोमंजिला कच्चा मकान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे दिहाड़ी-मजदूरी करने वाली महिला बेघर हो गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत जोगिंद्रनगर फायर ब्रिगेड को सूचित किया लेकिन जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग काफी विकराल रूप धारण कर चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। आग लगने का प्रारंभिक कारण गैस सिलैंडर फटना बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
मकान कमला देवी का था, जो दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। इसी के साथ उनके भाई का मकान भी आग की चपेट में आकर आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। आग बुझाने के प्रयास में एक महिला घुगनी का चेहरा भी आंशिक रूप से झुलस गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से रेलवे लाइन के ऊपर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि वहां ओवरब्रिज बना होता तो फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी सीधे मौके तक पहुंच सकती थी और नुक्सान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।