Edited By Vijay, Updated: 09 Apr, 2018 08:19 PM
प्राऊड ऑफ नेशन हिमाचल की संस्था ने मनाली के एस.डी.एम. रमन घरसंगी को ज्ञापन देकर मनाली में करवाई जा रही बाल मजदूरी का मामला उनके ध्यान में लाया है।
मनाली: प्राऊड ऑफ नेशन हिमाचल की संस्था ने मनाली के एस.डी.एम. रमन घरसंगी को ज्ञापन देकर मनाली में करवाई जा रही बाल मजदूरी का मामला उनके ध्यान में लाया है। संस्था के अध्यक्ष संजीव कुमार व मयूर ने बताया कि संस्था के सदस्यों को कुछ दिन पहले मनाली बस स्टैंड में रात को एक बच्चा रोते हुए मिला था। संस्था के सदस्य बच्चे को अपने पास ले आए। संस्था ने मनाली थाने में भी इसकी जानकारी दी।
दिल्ली से मनाली लाए गए हैं 12 बच्चे
उन्होंने बताया कि बच्चे ने उसके साथ एक साथ दिल्ली से मनाली 12 बच्चे लाने की बात कही है। उन्होंने एस.डी.एम. को बताया कि मनाली मालरोड में भी नौनिहाल रात 11 बजे तक गुब्बारे बेचते हुए देखे जा सकते हैं। उन्होंने शंका जाहिर की है कि ये बच्चे भी किसी ठेकेदार द्वारा ही मनाली लाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मनाली में मानव तस्करी होने की उन्हें आशंका है। उन्होंने एस.डी.एम. मनाली से आग्रह किया कि मनाली में हो रही बाल मजदूरी पर गंभीरता दिखाई जाए।
क्या कहते हैं एस.डी.एम.
एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि प्राऊड ऑफ नेशन संस्था ने बाल मजदूरी का मामला ध्यान में लाया है। एन.जी.ओ. बच्चे को शीघ्र चाइल्ड हैल्पलाइन के हवाले करे। बाल मजदूरी करवाने वाले गिरोह की जांच करवाएंगे और ऐसा करते हुए कोई पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।