J&K हादसे में मारे गए युवक से नहीं मिल पाए परिजन, चंबा से पांगी के लिए नहीं हुई उड़ान

Edited By kirti, Updated: 01 Feb, 2020 11:03 AM

family not able to meet youth killed in j k accident

पांगी के लिए हैलीकॉप्टर उड़ान न होने से हाल ही में जम्मू-कश्मीर के असर में सड़क हादसे में मारे गए युवक के परिजन उसके अंतिम दर्शन भी नहीं कर पाए। युवक की बहन सहित अन्य परिजन चम्बा में फंसे हुए हैं। वे युवक को अंतिम विदाई देने तक नहीं पहुंच पाए हैं।...

 

चम्बा: पांगी के लिए हैलीकॉप्टर उड़ान न होने से हाल ही में जम्मू-कश्मीर के असर में सड़क हादसे में मारे गए युवक के परिजन उसके अंतिम दर्शन भी नहीं कर पाए। युवक की बहन सहित अन्य परिजन चम्बा में फंसे हुए हैं। वे युवक को अंतिम विदाई देने तक नहीं पहुंच पाए हैं। हादसे के बाद परिजनों पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं सरकार व प्रशासन के ढुलमुल रवैये ने उनके जख्मों को और गहरा कर दिया है। शुक्रवार को पांगी के लिए हैलीकॉप्टर उड़ान प्रस्तावित थी। इसके लिए हादसे के शिकार युवक की बहन सहित करीब 20 लोगों ने पहले ही बुकिंग करवाई थी। सभी यात्री शैड्यूल के मुताबिक सुल्तानपुर स्थित हैलीपैड पर पहुंच गए थे, लेकिन उड़ान रद्द हो गई। इससे उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।

अब उन्हें अगली उड़ान तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे पीड़ित परिवार व अन्य यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चम्बा से पांगी व पांगी से चम्बा के लिए पिछले डेढ़ माह में मात्र 2 हैलीकॉप्टर उड़ानें हुई हैं, जबकि सैंकड़ों लोगों ने बुकिंग करवा रखी है, लेकिन बार-बार उड़ानें रद्द होने के कारण लोग गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पांगी से कई मरीज चम्बा मैडीकल कालेज के लिए रैफर किए गए हैं। इनमें कुछ डिलीवरी केस भी हैं। इसके अलावा कई लोग चम्बा में फंसे हुए हैं, जो डेढ़ माह से अपने रिश्तेदारों के पास रह रहे हैं। इनमें बुजुर्ग व बच्चे भी शामिल हैं। स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं और पढ़ाई लिए चम्बा आए विद्यार्थी भी घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

ब्लॉक कांग्रेस सचिव पांगी देवराज ठाकुर ने बताया कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के असर में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें 2 युवकों की मौत हो गई थी। हैलीकॉप्टर उड़ान न होने से हादसे के शिकार एक युवक राम सिंह की बहन घाटी नहीं पहुंच पाई है। उनके पति चम्बा में नौकरी करते हैं और वह अपने परिवार सहित यहां रहती हैं। उन्हें पांगी पहुंचने के लिए हैलीकॉप्टर उड़ान का इंतजार है। इसके अलावा अन्य यात्री भी चम्बा में फंसे हुए हैं। वे रिश्तेदारों के घर रहने को मजबूर हैं। पायलट की मनमानी व सरकार की अनदेखी के कारण घाटीवासियों की मुसीबतें लगातार बढ़ रही हैं। विधायक गहरी नींद सोए हुए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द लोगों को पांगी व पांगी से चम्बा पहुंचाने के लिए उड़ानें करवाई जाएं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!