Edited By Vijay, Updated: 09 Jan, 2024 07:23 PM
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने 3 मंत्रियों से 3 विभाग वापस लेकर 2 नए मंत्रियों को सौंपे हैं। उन्होंने करीब 1 माह बाद अपने 2 नए मंत्रियों राजेश धर्माणी और यादविंद्र गोमा को विभागों का आबंटन किया है।
राजेश धर्माणी को तकनीकी शिक्षा व वोकेशनल ट्रेनिंग, यादविंद्र गोमा को आयुष व खेल विभाग
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने 3 मंत्रियों से 3 विभाग वापस लेकर 2 नए मंत्रियों को सौंपे हैं। उन्होंने करीब 1 माह बाद अपने 2 नए मंत्रियों राजेश धर्माणी और यादविंद्र गोमा को विभागों का आबंटन किया है। इन दोनों मंत्रियों ने 12 दिसम्बर, 2023 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। राजेश धर्माणी अब नए तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग मंत्री होंगे जबकि यादविंद्र गोमा को आयुष के साथ युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का दायित्व सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्री हर्षवर्धन चौहान से आयुष, रोहित ठाकुर से तकनीकी शिक्षा व वोकेशनल ट्रेनिंग तथा विक्रमादित्य सिंह से युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को वापस लिया है। अब विक्रमादित्य सिंह प्रदेश सरकार में अकेले ऐसे मंत्री है, जिनके पास एक ही विभाग रहेगा।
उपमुख्यमंत्री व 4 मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उपमुख्यमंत्री के अलावा 4 नए मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के अतिरिक्त डाॅ. धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी और अनिरुद्ध सिंह 4 ऐसे मंत्री है, जिनके विभागों में कोई बदलाव नहीं किया है।
अब किसके पास कौन-सा विभाग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले की तरह वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना तथा गैर-आबंटित विभागों को देखते रहेंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री भी पहले की तरह जल शक्ति, परिवहन, भाषा कला एवं संस्कृति तथा सहकारिता, डाॅ. धनीराम शांडिल स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार, चंद्र कुमार कृषि एवं पशुपालन को देखते रहेंगे। हर्षवर्धन चौहान से आयुष विभाग को वापस लेने के बाद अब उनके पास उद्योग एवं संसदीय मामले विभाग रहेगा। रोहित ठाकुर के पास अब उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा, अनिरुद्ध सिंह के पास ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज, विक्रमादित्य सिंह के पास लोक निर्माण, राजेश धर्माणी के पास तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग तथा यादविंद्र गोमा के पास आयुष व युवा सेवाएं एवं खेल विभाग रहेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here