Edited By Kuldeep, Updated: 16 Dec, 2023 07:21 PM
अम्ब उपमंडल के तहत एक गांव की लड़की जब अपने परिवार के साथ लड़का देखने गई तो उसे यह जानकर काफी हैरानी हुई कि उसे देखने के लिए लड़की आई है।
भरवाईं (जुगल): अम्ब उपमंडल के तहत एक गांव की लड़की जब अपने परिवार के साथ लड़का देखने गई तो उसे यह जानकर काफी हैरानी हुई कि उसे देखने के लिए लड़की आई है। हुआ यूं कि एक लड़की के पिता ने पंडित को अपनी लड़की की कुंडली इसलिए दी थी कि कोई योग्य वर तलाश किया जाए। पंडित ने कुंडली मिलाकर दूसरी लड़की के पिता को संदेश दिया कि तुम्हारी लड़की के लिए योग्य वर तलाश कर लिया है तथा 30 गुण आपस में मिलते हैं। तब जाकर लड़का-लड़की देखने का कार्यक्रम तय हुआ। जब दोनों लड़कियां एक ही स्थान पर पहुंचीं तो स्थिति काफी रोचक हो गई। दोनों परिवार आपस में उलझ पड़े तब जाकर पंडित जी को बुलाया गया। पंडित को दोनों कुंडलियां ध्यान से देखने के बाद अपनी गलती का अहसास हुआ। एक कुंडली में लड़की का नाम रमेश रानी था। पंडित जी ने रमेश नाम पढ़कर उसे लड़का समझकर दोनों कुंडलियों का मिलान कर दिया। अपनी गलती पर पंडित ने दोनों परिवारों से क्षमा याचना कर अपनी गलती स्वीकार कर ली। इस बात की चर्चा शहर में जोरों पर है।