Edited By Updated: 23 Aug, 2016 11:21 AM
सुजानपुर बाल आश्रम से बच्चों के भागने का सिलसिला अभी जारी है। बच्चों के भागने की यह चौथी घटना है।
सुजानपुर: सुजानपुर बाल आश्रम से बच्चों के भागने का सिलसिला अभी जारी है। बच्चों के भागने की यह चौथी घटना है। गौरतलब है कि गत माह भी इसी बाल आश्रम से 3 बच्चे भाग गए थे जिन्हें पुलिस ने दैहण में पकड़ने में सफलता हासिल की थी। बाल आश्रम के अधीक्षक तिलक राज शर्मा ने बताया कि बच्चे आजादी में रहना चाहते हैं। बीते महीने जो बच्चे भागे थे उनमें एक राज शर्मा नामक लड़का अपनी बहन से गरली परागपुर में मिलने के लिए जाना चाहता था।
उसके दिमाग में यह बात चल रही थी कि उसे उसकी बहन से मिलने नहीं दिया जाएगा तब वह अपने साथ 2 अन्य दोस्तों को लेकर भाग गया था। सोमवार को जो घटना दोपहर बाद घटी उसमें कर्ण कुमार जोकि टौणी देवी से संबंध रखता है, को यहां आश्रम आए मात्र 2 महीने ही हुए हैं। वह जब से यहां आया है रोता ही रहता है तथा कहता है कि उसके माता-पिता व चाचा-चाची परिवार के सभी सदस्य हैं तो वह बाल आश्रम में क्यों रहे। वह आज अपने साथ एक अन्य दोस्त अमन भाटिया को लेकर अपनी बुआ के घर चबूतरा में चला गया।
बाल आश्रम के अधीक्षक तिलक राज शर्मा ने बताया कि यहां पर बच्चों को घर की तरह सभी सुख-सुविधा दी जाती है परंतु बच्चे आजादी में जीना पसंद करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बाल आश्रम में 23 बच्चे हैं जिनकी देखभाल के लिए 5 कर्मचारी तैनात हैं। बच्चों की सुख-सुविधा के लिए कूलर, हीटर व मनोरंजन के लिए टी.वी. भी लगा हुआ है।