Edited By Kuldeep, Updated: 15 Jul, 2025 04:05 PM

उच्च न्यायालय के आदेश पर वन भूमि पर अवैध कब्जा करके सेब के बगीचे लगाने वालों के विरुद्ध सरकार की कठोर कार्रवाई के मध्य पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने सरकार को एक सुझाव दिया है।
पालमपुर (भृगु): उच्च न्यायालय के आदेश पर वन भूमि पर अवैध कब्जा करके सेब के बगीचे लगाने वालों के विरुद्ध सरकार की कठोर कार्रवाई के मध्य पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने सरकार को एक सुझाव दिया है। शांता कुमार ने सरकार से मांग की है कि वन भूमि पर लगे उन सेब के बगीचों को काटने की बजाय सरकार अपने कब्जे में लें। वन विभाग उन बगीचों को संभाले। इस प्रकार हजारों करोड़ों रुपए के हरे भरे सेब के पौधे बच जाएंगे और वन विभाग की आय का एक बहुत बड़ा साधन बन जाएगा। अवैध कब्जा करने वालों को सजा भी मिल जाएगी और वन विभाग भी लगे लगाए सेब बगीचों का स्वामी बन जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया कि इस सुझाव को स्वीकार करें। शांता कुमार ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि हिमाचल प्रदेश में वन भूमि पर इस प्रकार के बहुत अधिक अवैध कब्जे हैं। सेब के बगीचे लगे हैं, कब्जा लोगों ने किया और सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने चांदी के चंद ठीकरों में बिक कर कब्जा होने दिया परंतु आज हरे भरे सेब लगे हुए बगीचों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है, ये वृक्ष स्वयं नहीं लगे लगाए गए थे। इन वृक्षों का तो कोई कसूर नहीं है।