Edited By Punjab Kesari, Updated: 24 Oct, 2017 06:19 PM
सोमवार देर रात राष्ट्रीय उच्चमार्ग-154 पर हटवास में बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई....
नगरोटा बगवां/कांगड़ा: सोमवार देर रात राष्ट्रीय उच्चमार्ग-154 पर हटवास में बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान नेहुल शर्मा भार्गव निवासी झांसी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। नेहुल राजकीय इंजीनियरिंग कालेज नगरोटा बगवां में सिविल इंजीनियर का फाइनल कक्षा का विद्यार्थी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 12 बजे नेहुल बाइक पर किसी काम के लिए जा रहा था कि हटवास में कोई अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर फरार हो गया। दुर्घटना में नेहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
नेहुल के साथियों ने इसकी सूचना नगरोटा बगवां पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस के ए.एस.आई. लीलाधर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव व बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन की तलाश आरंभ कर दी है। डी.एस.पी. कांगड़ा संजीव चौहान ने बताया कि फोरैंसिक टीम ने मौके पर जाकर नमूने ले लिए हैं तथा अज्ञात वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।