Edited By Updated: 14 May, 2016 01:32 PM
आंखों की रोशनी कमजोर हो चुकी है, दिखना बेहद कम हो गया है। लेकिन सुनने और बोलने में एकदम तेज हैं 108 साल की नेहरू खानदान की बहू शोभा नेहरू।
कसौली (सोलन): आंखों की रोशनी कमजोर हो चुकी है, दिखना बेहद कम हो गया है। लेकिन सुनने और बोलने में एकदम तेज हैं 108 साल की नेहरू खानदान की बहू शोभा नेहरू। उनकी यादगार शक्ति काफी तेज है। आज भी उन्हें नेहरू-गांधी परिवार से जुड़ी काफी बातें याद हैं।
खास बात तो यह है कि अपने जीवन के 108 बरस देख चुकी नेहरू खानदान की बहु शोभा नेहरू कांग्रेस की जीत की बात सुनते ही एकदम जोश में आ जाती हैं और कहती हैं कि निश्चित तौर पर कांग्रेस ही सरकार बनाएगी। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और युवा नेता विनोद सुल्तानपुरी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की दादी शोभा नेहरू से पर्यटन नगरी कसौली के लोअर माल रोड स्थित उनके निजी आवास में मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
विनोद सुल्तानपुरी के अनुसार इस दौरान उन्हें पार्टी गतिविधियों के बारे में बताया गया। इतना ही नहीं अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्त्ताओं की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान जिला कांग्रेस के महासचिव शिवदत्त ठाकुर, कसौली छावनी के उपाध्यक्ष जसप्रीत सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ता रमेश चंद मौजूद रहे।