शिमला: युवा कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 17 मई को शिमला में आयोजित होगी। राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में होने वाली उक्त बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इस बैठक में देशभर से युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भाग लेंगे और राहुल गांधी उन्हें राजनीतिक टिप्स देंगे।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में हुई युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी दी। बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, लोकसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों तथा शिमला लोकसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई और युकां पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश अफजल अहमद ने विशेष रूप से शिरकत की। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे को सफल बनाने के लिए बैठक का आयोजन कर चुकी है। राहुल गांधी 16 मई को 2 दिवसीय दौरे पर हिमाचल आएंगे। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने महासम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
यह महासम्मेलन 23 से 25 मई के बीच मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसमें युवा पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा। प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 23 से 25 मई के बीच महासम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
ढूँढिये अपने सही जीवनसंगी को अपने ही समुदाय में भारत मैट्रिमोनी पर - निःशुल्क रजिस्ट्रेशन करे!आगरा से भी उठी ‘प्रियंका लाओ कांग्रेस बचाओ’ की बात
NEXT STORY