Edited By Updated: 07 Aug, 2016 09:37 PM
चौहारघाटी की पंचायत तरस्वान के गढ़ गांव में भारी वर्षा के कारण गढ़ नाले पर बना फुटब्रिज टूट गया।
पधर: चौहारघाटी की पंचायत तरस्वान के गढ़ गांव में भारी वर्षा के कारण गढ़ नाले पर बना फुटब्रिज टूट गया। इस दौरान ब्रिज से होकर गुजर रही 2 लड़कियां पुल की चपेट में आने से खड्ड में बह गईं लेकिन दोनों लड़कियों ने हिम्मत जुटाकर नाले के किनारे झाडिय़ों का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। हादसे में दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुल टूटने से गढ़ गांव के लगभग 25 परिवारों का संपर्क टूट गया है जिस कारण गांव में रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते 2 दिनों से हो रही मूसलाधार वर्षा से नाले का बहाव तेज हो गया है। शनिवार देर सायं पुल से होकर अपने गांव जा रही 2 लड़कियां सपना देवी और संमती देवी पुल टूटने से नाले में बह गईं। दोनों लड़कियों ने नाले के किनारे झाडिय़ों का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। दोनों घायलों को तरस्वान उपस्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया तथा अब दोनों लड़कियां खतरे से बाहर हंै। पंचायत प्रधान सुरेंद्र ने कहा कि पुल टूटने से गढ़ गांव का संपर्क अन्य स्थानों से टूट गया है और गांव के कई लोग 2 दिनों से गांव से बाहर नहीं निकल पाए हैं। वहीं गढ़ गांव जाने वाले लोगों को अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी है।