Edited By Updated: 14 Mar, 2016 11:18 AM
हिमाचल के कुल्लू जिले में 2 दिन से लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भू-स्खलन होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कुल्लू: हिमाचल के कुल्लू जिले में 2 दिन से लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भू-स्खलन होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के लोरन में गत रात्रि करीब 8 बजे लोरन-खलाड़ा सड़क के साथ लगते 2 मकानों के आगे भू-स्खलन होने से मीरा देवी और संजय के मकान के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। सबसे ज्यादा खतरा मीरा देवी के मकान को बना हुआ है। भू-स्खलन का कारण लोक निर्माण विभाग द्वारा समय पर डंगे का निर्माण न करना माना जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि 2 साल पहले लोक निर्माण विभाग ने लोरन से खलाड़ा को जाने वाली सड़क का निर्माण किया है लेकिन यहां पर डंगे का निर्माण नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि अगर लोक निर्माण विभाग समय पर इन मकानों के आगे डंगे लगाता तो आज मकानों के गिरने का खतरा नहीं होता। मीरा देवी और संजय का कहना है कि इस संदर्भ में कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की गई लेकिन अभी तक डंगे का निर्माण नहीं किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण से इस समस्या को हल करने की मांग की है।