Edited By Updated: 26 Sep, 2016 01:07 AM
शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
धर्मशाला: शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। 30 सितम्बर को होने वाले सम्मान समारोह में उन्हें शहरी विकास सुधारीकरण क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्यों के चलते सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के साथ-साथ कुछ राशि भी प्रदान की जाएगी। जानकारी के अनुसार शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को यह सम्मान अमृत मिशन योजना के तहत दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि केंद्र की ओर से शहरी विकास पर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया था, जिस पर हिमाचल के शहरी विकास विभाग ने सबसे पहले रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी थी। इसके अलावा विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट को भी अन्य प्रदेशों से सर्वश्रेष्ठ चयनित किया गया। उनके इन्हीं कार्यों के लिए हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान सम्मान के साथ-साथ उन्हें करीब 3 करोड़ रुपए के करीब ईनामी राशि भी मिलेगी।