Edited By Updated: 21 Apr, 2017 01:24 AM
सुलह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते फरेड़ गांव की एक नाबालिग लड़की के साथ एक स्थानीय लड़के द्वारा मारपीट करने की शिकायत भवारना थाना में दर्ज करवाई गई है।
भवारना: सुलह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते फरेड़ गांव की एक नाबालिग लड़की के साथ एक स्थानीय लड़के द्वारा मारपीट करने की शिकायत भवारना थाना में दर्ज करवाई गई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल परौर में पढऩे वाली उक्त पीड़ित लड़की की माता ने बताया कि वीरवार दोपहर को उनकी लड़की स्कूल से डरी-सहमी घर पहुंची। पूछने पर लड़की ने बताया कि स्कूल कैंटीन के पास एक लड़के ने उससे गाली-गलौच किया। इसके बाद वह जब अपनी सहेली के साथ घर जाने के लिए स्कूल से निकली तो लड़के ने उसका पीछा करते हुए फरेड़ में उसे और उसकी सहेली को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।
लड़के ने घर पर बरसाए पत्थर
इसके बाद लड़के ने घर पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। घटना के तत्काल बाद पंचायत प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया गया। भवारना थाना के एस.एच.ओ. ओम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य ने इस प्रकार की सूचना होने से इंकार किया है।