Edited By Punjab Kesari, Updated: 17 Dec, 2017 01:06 AM
विकास खंड लम्बागांव की ग्राम पंचायत कोसरी के देहरु गांव के एक युवक ने शनिवार दोपहर बाद अपने ही घर के आंगन में शहतूत के पेड़ के साथ फंदा लगाकर जान दे दी।
लम्बागांव/थुरल: विकास खंड लम्बागांव की ग्राम पंचायत कोसरी के देहरु गांव के एक युवक ने शनिवार दोपहर बाद अपने ही घर के आंगन में शहतूत के पेड़ के साथ फंदा लगाकर जान दे दी। युवक की पहचान बलवंत कुमार (32) पुत्र देश राज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार युवक ने आसाम की लड़की के साथ करीब 4 साल पहले शादी की थी तथा उनका करीब अढ़ाई साल का बच्चा भी है। जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी का आपस में मन मुटाव चलता रहता था। कई बार उसकी पत्नी शिकायत लेकर थाने भी गई है। जानकारी के अनुसार उसकी पत्नी एक माह पहले उसे छोड़कर चली गई थी। शुक्रवार को ही वह अपने घर आई थी। इस बात को लेकर युवक अपनी पंचायत में भी गया था और यह बात कबूल की थी कि मैं अपनी पत्नी को साथ रखना चाहता हूं। शनिवार को दोनों के बीच क्या बात हुई कि जिस कारण उक्त युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है।
गांव वालों ने पेड़ से लटका देखा युवक का शव
जिस समय दोपहर बाद युवक ने फंदा लगाया उस समय घर में कोई नहीं था। गांव वालों ने उक्त युवक के शव को जैसे ही शहतूत के पेड़ के साथ लटका देखा तो उन्होंने इसकी सूचना अपनी पंचायत सदस्य रेखा देवी को दी, जिसने इसकी सूचना अपने पंचायत उपप्रधान गरीब दास को दी। उपप्रधान द्वारा इसकी सूचना लंबागांव पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है व आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए शाम 7 बजे धर्मशाला से फोरैंसिक टीम भी पहुंच गई थी। फोरैंसिक टीम के आने के बाद ही शव को पेड़ से उतारा गया। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एस.एच.ओ. अभिमन्यु शर्मा ने की है।