Edited By Vijay, Updated: 24 Jun, 2026 07:31 PM

औद्योगिक शहर परवाणू के साथ लगती कामली पंचायत के कौशल्या डैम में बुधवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अपने दोस्तों के साथ डैम में नहाने उतरा 25 वर्षीय एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परवाणू (विकास): औद्योगिक शहर परवाणू के साथ लगती कामली पंचायत के कौशल्या डैम में बुधवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अपने दोस्तों के साथ डैम में नहाने उतरा 25 वर्षीय एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कोट बेजा पंचायत के बनोई गांव निवासी सचिन पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को डैम का पानी तक कम करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन परवाणू के एक उद्योग में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म करने के बाद दोपहर के समय अपने दो मित्रों भूपिंदर और मुकुल के साथ कौशल्या डैम में नहाने के लिए पहुंचा था। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाते समय सचिन ने अचानक डैम के किनारे से पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह दोबारा सतह पर वापस नहीं आया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे डूबता देख तुरंत बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण सचिन देखते ही देखते गहरे पानी के आगोश में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रैस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। रैस्क्यू कर्मियों ने रस्सियों के सहारे गहरे पानी में उतरकर युवक की खोजबीन शुरू की, लेकिन डैम में 15 फुट से अधिक गहराई होने के कारण यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग किया। अंततः खोज अभियान को गति देने के लिए डैम का जलस्तर कम करने का फैसला लिया गया, जिसके लिए पानी की निकासी हेतु मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सचिन की मौत हो चुकी थी।
इस दुखद घटना पर डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि बरसात के मौसम में डैम, खड्डों और अन्य नदी-जलाशयों में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए ऐसी जगहों से दूरी बनाएं। वहीं, कामली पंचायत की प्रधान धर्मी देवी ने बताया कि कौशल्या डैम में इससे पहले भी कई खतरनाक हादसे हो चुके हैं। पंचायत प्रशासन की ओर से यहां बाकायदा नहाने पर रोक संबंधी चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग नियमों को ताक पर रखकर और अपनी जान का जोखिम उठाकर यहां नहाने पहुंच जाते हैं, जिसका अंजाम ऐसे हादसों के रूप में सामने आता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें