Edited By Vijay, Updated: 09 Apr, 2020 07:03 PM
कोरोना वायरस हिमाचल प्रदेश में भी लगातार अपने पांव पसार रहा है, ऐसे में सरकार द्वारा कोरोना वायरस से बचने के लिए हर पुख्ता कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में सरकार द्वारा 21 दिन के लिए लॉकडाऊन किया गया है और लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की जा...
मनाली (सोनू शर्मा): कोरोना वायरस हिमाचल प्रदेश में भी लगातार अपने पांव पसार रहा है, ऐसे में सरकार द्वारा कोरोना वायरस से बचने के लिए हर पुख्ता कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में सरकार द्वारा 21 दिन के लिए लॉकडाऊन किया गया है और लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की जा रही है। बात करें पर्यटन नगरी मनाली की तो कोरोना वायरस का असर यहां पर भी साफ देखा जा रहा है। पर्यटकों से गुलजार रहने वाली पर्यटन नगरी मनाली में अब सन्नाटा पसर चुका है। यह सन्नाटा सिर्फ मनाली शहर में ही नहीं बल्किमनाली के प्राचीन गांव एव विदेशी सैलानियों की पहली पसदं मनाली गांव में भी देखने को मिल रहा है।
इसके चलते मनाली गांव में अब ग्रामीण महिलाएं भी अपने गांव को बचाने के लिए आगे आई हैं और अपने गांव की सीमाओं पर पुलिस के जवानों संग पहरा दे रही हैं। हाथ में लाठी लिए ये महिलाएं बेवजह अपने घरों से बाहर निकलने वाले और बाहर से गांव में आने वाले लोगों को वापस अपने घर भेज रही हैं। ये महिलाएं सुबह से शाम तक अपने गांव की सीमाओं पर चरणबद्व तरीके से पहरा दे रही हैं ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश न कर सके।
पंचायत प्रधान मोनिका भारती ने बताया कि अपने गांव को कोरोना महामारी से बचाने के लिए वे अपने गांव की सीमा पर रोजाना पहरा दे रही हैं। उन्होंने ने यह भी बताया कि उनके गांव में महिलाओं और गांव के युवाओं द्वारा पहरा दिया जा रहा है ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति उनके गांव में प्रवेश न कर सके। उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे से 10 बजे तक गांव के युवाओं द्वारा जबकि सुबह 10 बजे से शाम तक गांव की महिलाएं पहरा दे रही हैं।