Edited By Vijay, Updated: 22 Mar, 2019 05:54 PM
पार्वती घाटी के कसोल में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने एक महिला को 9.84 किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। महिला से पुलिस ने कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर...
कुल्लू (मनमिंदर): पार्वती घाटी के कसोल में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने एक महिला को 9.84 किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। महिला से पुलिस ने कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कसोल के समीप पुलिस के एक दल ने मणिकर्ण के पुलिस चौकी प्रभारी नंद लाल के नेतृत्व में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक नेपाली महिला को पुलिस ने पैदल आते हुए देखा, उसने पीठ में एक पिट्ठू बैग भी उठाया हुआ था, जैसे ही महिला पुलिस के करीब पहुंची तो पुलिस ने महिला को शक के आधार पर पूछताछ के लिए रोका। इस दौरान महिला हड़बड़ा गई और डर के मारे पूछे गए सवालों के भी सही जवाब नहीं दे पाई।
3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजी महिला आरोपी
पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो 9.84 किलोग्राम चरस बरामद हुई। महिला को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने महिला पुलिस टीम को बुलाकर उसे हिरासत में ले लिया। शुक्रवार को पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि महिला ने चरस की यह खेप कहां से लाई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। वहीं एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री ने महिला को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला से पूछताछ चल रही है।