Edited By prashant sharma, Updated: 04 Apr, 2021 11:49 AM
लोगों के चश्मे छीनकर उन्हें ब्लैकमेल करने वाला बंदर अब शहर में नहीं दिखाई देगा। उसके स्वभाव में बदलाव नहीं आने के बाद वन्य जीव विभाग ने उसे जंगल में छोड़ने का फैसला किया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड और उपायुक्त कार्यालय के पास यह बंदर...
शिमला : लोगों के चश्मे छीनकर उन्हें ब्लैकमेल करने वाला बंदर अब शहर में नहीं दिखाई देगा। उसके स्वभाव में बदलाव नहीं आने के बाद वन्य जीव विभाग ने उसे जंगल में छोड़ने का फैसला किया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड और उपायुक्त कार्यालय के पास यह बंदर लोगों को परेशान किया करता था। इसकी आदतों को देखते हुए इसे रिहायशी इलाकों से दूर जंगल में छोड़ने का फैसला लिया है। यह अभी टुटीकंडी चिड़ियाघर में है। वन्यजीव विभाग ने बीते महीने शहर के मालरोड से इस बंदर को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा था। यह बंदर मालरोड और उपायुक्त कार्यालय के पास डेरा जमाए हुए था। यहां से गुजरने वाले लोगों खासकर सैलानियों के चश्मे छीन लेता था। यह चश्मे तभी वापस करता था, जब इसे लोग खाने पीने का सामान देते थे।
वन्यजीव विभाग को बीते कई दिन से इसकी शिकायतें मिल रही थीं। यह कई लोगों पर चश्मा छीनने के लिए हमला कर चुका था। वन्यजीव विभाग ने इसे पकड़कर टुटीकंडी चिड़ियाघर में रखा है। यहां इस पर निगरानी भी रखी जा रही है। हालांकि, पिंजरे में बंद होने के बाद से यह शांत है। नियमानुसार जिस जगह से बंदर पकड़े जाते हैं, उन्हें वहीं पर वापस छोड़ना जरूरी है। लेकिन इस बंदर की आदतों को देखते हुए इसे शहर के मालरोड की बजाय जंगल में छोड़ने का फैसला लिया गया है। वन्यजीव विभाग शिमला के डीएफओ कृष्ण कुमार ने बताया कि इस बंदर को एक दो दिन के भीतर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। इसकी आदतों को देखते हुए इसे शहर में नहीं छोड़ा जा सकता। यह लोगों को फिर परेशान कर सकता है।