...जब भीड़ में धक्के खाकर पड्डल मैदान पहुंचे थे नेहरू (Watch Pics)

Edited By Ekta, Updated: 31 Mar, 2019 10:51 AM

when the crowd jerk paddal maidan nehru arrived

1952 में देश के पहले लोकसभा के आम चुनाव हुए थे। आज देश 17वीं लोकसभा के चुनाव के लिए तैयार बैठा है। जब पहले लोकसभा चुनाव हुए थे तो उस वक्त मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रचार करने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू आए थे। नेहरू ने सुरक्षा...

मंडी (नीरज): 1952 में देश के पहले लोकसभा के आम चुनाव हुए थे। आज देश 17वीं लोकसभा के चुनाव के लिए तैयार बैठा है। जब पहले लोकसभा चुनाव हुए थे तो उस वक्त मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रचार करने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू आए थे। नेहरू ने सुरक्षा कर्मियों को दरकिनार करके भीड़ से होकर जाना बेहतर समझा। कैसा था उस वक्त का माहौल, उसी पर पेश है हमारी यह खास पेशकश। वर्ष 1952। देश को आजाद हुए अभी पांचवां वर्ष चला था और देश पहले आम चुनावों के लिए तैयार खड़ा था। देश भर में कांग्रेस पार्टी का ही ज्यादा बोलबाला था।
PunjabKesari

देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उस वक्त देश भर का भ्रमण करके पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे थे। उस दौरान पंडित नेहरू छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर भी आए थे। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी रानी अमृत कौर के लिए उन्होंने प्रचार भी किया और वोट भी मांगे। 91 वर्ष के हो चुके वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार नूतन उन दिनों सक्रिय पत्रकारिता में थे। मंडी से वह शक्ति नामक पत्रिका का प्रकाशन करते थे। एक पत्रकार के नाते उन्होंने पंडित नेहरू के सारे कार्यक्रम को कवर किया। कृष्ण कुमार नूतन बताते हैं कि 1952 में जब नेहरू मंडी आए तो खलियार के पास उन्होंने अपनी गाड़ी रूकवा दी। क्योंकि यहां से आगे रास्ते के दोनों तरफ बड़ी संख्या में जनसमूह हाथों में फूल मालाएं लिए उनके स्वागत के लिए खड़ा था। विक्टोरिया पुल से होकर नेहरू जनता का अभिवादन स्वीकारते हुए चौहाटा बाजार तक पहुंचे। यहां भीड़ कुछ ज्यादा हो गई और लोग नेहरू से मिलने के लिए टूट पड़े।
PunjabKesari

नेहरू की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने लाठी चार्ज करने की सोची ही थी कि नेहरू ने उन्हें अपने पास बुलाकर ऐसी किसी भी कार्रवाई को करने से साफ इनकार कर दिया। कृष्ण कुमार नूतन बताते हैं कि नेहरू ने उस वक्त सुरक्षा कर्मियों से कहा था कि ’’यह जनता है और अब इनका राज है, आप पीछे हट जाओ।’’ इसके बाद भीड़ से घिरे नेहरू उसी भीड़ में धक्के खाते हुए ऐतिहासिक पड्डल मैदान पहुंचे थे। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला ने उनके पांव छूने की कोशिश भी की थी लेकिन नेहरू ने उनसे कहा- ’’माता हम सब आजाद हैं और सब एक हैं।’’ कृष्ण कुमार नूतन बताते हैं कि आज दिन तक उन्होंने किसी प्रधानमंत्री की इतनी सादगी नहीं देखी। प्रधानमंत्री तो दूर की बात आज के दौर में किसी मंत्री से भी इस प्रकार की सादगी की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

पंडित नेहरू के साथ उनकी बेटी इंदिरा गांधी भी मौजूद थी और उस वक्त वह काफी कम उम्र की थी। कृष्ण कुमार नूतन बताते हैं कि पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करने से पहले नेहरू चाय पीने चले गए। इस दौरान मंच संचालन कर रहे किशन चंद ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि जैसे ही नेहरू जी मंच पर आएं तो उनकी जिंदाबाद के नारे लगाए जाएं। यह बात चाय पीते वक्त नेहरू जी ने सुन ली और जब वह मंच पर आए तो किसी को भी नारे नहीं लगाने दिए। उन्होंने कहा कि हम सब एक हैं और मेरी प्रशंसा की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि उस दौर में सिर्फ कांग्रेस पार्टी का ही एकछत्र राज था लेकिन फिर भी नेहरू यहां से प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे।

बताया जाता है कि मंडी और पटियाला के राज परिवारों के साथ नेहरू के काफी घनिष्ठ संबंध थे जिसके चलते वह यहां पर प्रचार के लिए आए। हालांकि पहले मंडी के राजा जोगिंद्र सेन को यहां से चुनाव लड़ने का न्यौता दिया गया था लेकिन उन्होंने पटियाला राजघराने के साथ अपनी रिश्तेदारी के फर्ज को निभाते हुए उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया। रानी अमृत कौर न सिर्फ यहां से पहली सांसद और महिला सांसद चुनकर गई बल्कि देश की पहली स्वास्थ्य मंत्री भी बनी, जोकि मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इसके बाद देश ने कई आम चुनाव देखे और फिर मंडी में कई नेताओं का आना हुआ। इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवानी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार मंडी आकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। लेकिन बदलते वक्त के साथ बहुत कुछ बदला और के दौर में होने वाले चुनावों का स्वरूप सभी के सामने है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!