Edited By Ekta, Updated: 06 Mar, 2019 12:21 PM
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या कलाकारों के नाम कम और सीएम जयराम ठाकुर की नाटी के नाम ज्यादा रही। पहली संध्या में सीएम जयराम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। रात करीब साढ़े नौ बजे जयराम ठाकुर पंडाल में पहुंचे और कार्यक्रम...
मंडी (नीरज): अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या कलाकारों के नाम कम और सीएम जयराम ठाकुर की नाटी के नाम ज्यादा रही। पहली संध्या में सीएम जयराम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। रात करीब साढ़े नौ बजे जयराम ठाकुर पंडाल में पहुंचे और कार्यक्रम देखने के लिए बैठ गए। मंच पर कुल्लवी गायक इंद्रजीत अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। उन्होंने सराजी नाटी गाना शुरू कर दिया। बस फिर क्या था, सीएम जयराम ठाकुर खुद को नहीं रोक पाए और अपनी सीट से उठकर मंच पर जा पहुंचे। यहां पर उन्होंने गायक इंद्रजीत और उनके साथियों के साथ जमकर नाटी डाली।
नाटी में द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर और करसोग के विधायक हीरा लाल ने भी सीएम जयराम ठाकुर का खूब साथ दिया। करीब दस मिनट तक सीएम मंच पर ही डटे रहे और नाटी नाचने का पूरा आनंद उठाया। इसके बाद सीएम ने द्वीप प्रज्जवलित करके अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का विधिवत रूप से आगाज किया। प्रशासन की तरफ से डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने उन्हें शाल, टोपी और स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया। पहली सांस्कृतिक संध्या में पहाड़ी गायक इंद्रजीत और वालीबुड सिंगर जुबीन नौटियाल मुख्य आकर्षण थे।
9 से 10 बजे तक इंद्रजीत ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। 10 बजे जुबीन नौटियाल ने मंच संभाला और दर्शकों का रिझाने का पूरा प्रयास किया। साढ़े 10 बजे सीएम जयराम ठाकुर पंडाल से उठकर चले गए और उसके बाद धीरे-धीरे पंडाल खाली होता गया। रात 11 बजे तक अधिकतर पंडाल खाली हो गया। यहां तक की मंच के पास इक्का-दुक्का पुलिस कर्मी ही नजर आए।
ऐसे में एक दर्शक सीधे मंच पर जा पहुंचा और जुबीन नौटियाल से बात करने लग गया। जुबीन के सहयोगी ने उसे मंच से किनारे किया और पुलिस की मदद से उसे मंच से उतारा। जुबीन ने फिल्मी गानों से दर्शकों का पूरा मनोरंजन करने का प्रयास किया। पहली सांस्कृतिक संध्या में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा और सांसद राम स्वरूप शर्मा सहित अन्य विधायक भी मौजूद रहे।