Edited By Ekta, Updated: 12 Nov, 2019 10:00 AM
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अफसरों के लिए कार पुलिंग की व्यवस्था उपलब्ध करवाए जाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि अफसरों को घर से कार्यालय तक पहुंचाने के लिए इलैक्ट्रॉनिक वाहन उपलब्ध करवाए जा सकते हैं।...
शिमला (कुलदीप): कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अफसरों के लिए कार पुलिंग की व्यवस्था उपलब्ध करवाए जाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि अफसरों को घर से कार्यालय तक पहुंचाने के लिए इलैक्ट्रॉनिक वाहन उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर इसको लेकर अभियान चलाने वाले हैं। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को छोड़कर अधिकारियों के लिए कार पुलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय शिमला की सड़कों पर 40 फीसदी वाहन सरकारी चल रहे हैं, जिससे पर्यावरण को भी नुक्सान हो रहा है।
शिमला में कार पुलिंग के इस मामले को राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों से भी आग्रह किया जाएगा। विधानसभा सत्र में इस मामले को उठाया जाएगा। कॉमन सिस्टम से विधायक और अधिकारी भी विधानसभा पहुंचने चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण शिमला में भी बर्फबारी कम हो गई है। इसके अलावा नदी-नाले भी सूख रहे हैं। उन्होंने लोगों से इस मामले के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस विधायक के नाते यह बात नहीं कर रहे हैं। इसे राजनीतिक दृष्टि से देखने की बजाय मिलकर समाधान खोजने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि शिमला शहर के सर्कुलर रोड पर ही 10 हजार वाहन खड़ रहते हैं।
इसके अलावा वर्ष, 2005 से 2019 तक पंजीकृत वाहनों की संख्या 30 हजार से बढ़कर 80 हजार हो गई है। करीब 3 घंटे से कम समय में सोशल मीडिया पर विक्रमादित्य सिंह की इस पोस्ट को करीब 10 हजार लोगों ने देखा और शेयर किया है। इसी तरह बड़ी संख्या में उनकी पोस्ट को लाइक भी किया गया है। उन्होंने इन्वैस्टर मीट को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि इन्वैस्टर मीट से रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं तो यह अच्छी बात है, लेकिन इसकी आड़ में धारा-118 के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी को दूर करने के लिए भी वह अपने स्तर पर प्रयास करेंगे।