Edited By Vijay, Updated: 13 Aug, 2026 03:08 PM

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना कलां के तहत आते मंझेड़ गांव में देर रात शातिर चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर 14 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया है।
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना कलां के तहत आते मंझेड़ गांव में देर रात शातिर चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर 14 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया है। आरोप है कि चोरों ने घर में घुसने के बाद सो रहे परिवार को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर इत्मीनान से लाखों रुपए के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंझेड़ गांव निवासी विक्रम सिंह का परिवार बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। इसी बीच देर रात अज्ञात चोर मकान के एक कमरे की पिछली दीवार में लगी लोहे की ग्रिल को उखाड़कर अंदर दाखिल हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों को कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वे सभी गहरी नींद में चले गए। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोरों ने अलमारी में रखे करीब 2 लाख रुपए का नकद चोरी कर लिए। इसके साथ ही अलमारी में रखे लगभग 12 लाख रुपए कीमत के सोने और चांदी के आभूषण भी शातिर अपने साथ ले उड़े।
नशे का असर कम होने पर जब सुबह परिवार के सदस्य सोकर उठे तो कमरे की हालत देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि लोहे की ग्रिल निकली हुई थी, अलमारी के ताले टूटे पड़े थे और सारा कैश व लाखों के आभूषण गायब थे। पीड़ित परिवार ने बिना कोई देरी किए तुरंत पुलिस को इस वारदात की सूचना दी।
वहीं सूचना मिलते ही थाना कलां पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस इलाके के मुख्य मार्गों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तेजी से मामले की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें