Edited By Vijay, Updated: 11 Jun, 2026 01:36 PM

ऊना जिले के पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत आते लोअर भंजाल क्षेत्र में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत आते लोअर भंजाल क्षेत्र में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण किसी जहरीले पदार्थ का सेवन माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। वहीं व्यक्ति की अचानक हुई मौत से घर और क्षेत्र में मातम पसर गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात इस 35 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होते देख घबराए परिजन आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल अम्ब लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने तुरंत मरीज का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर और नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। ऊना अस्पताल में कुछ घंटों बाद मरीज ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक ने कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था, जिसके कारण उसके शरीर में जहर फैल गया और उसकी जान चली गई। हालांकि, मौत के पीछे के असल और पुख्ता कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े हर सुराग और पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें