Edited By Swati Sharma, Updated: 13 Aug, 2026 04:05 PM

Una News : अम्ब चौक के समीप स्थित एक आभूषण शोरूम में दिन-दिहाड़े 2 शातिर महिलाओं ने कथित रूप से बड़ी ही चालाकी से एक ग्राहक के बैग से डेढ़ लाख रुपए उड़ा लिए। पूरी वारदात शोरूम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस...
Una News : अम्ब चौक के समीप स्थित एक आभूषण शोरूम में दिन-दिहाड़े 2 शातिर महिलाओं ने कथित रूप से बड़ी ही चालाकी से एक ग्राहक के बैग से डेढ़ लाख रुपए उड़ा लिए। पूरी वारदात शोरूम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह पुत्र बलदेव राज निवासी कुठेड़ा खौरला वार्ड नंबर-1, अपनी पत्नी और बेटे के साथ आभूषण खरीदने शोरूम पहुंचे थे। उनके साथ एक बैग भी था, जिसमें गहनों की खरीददारी के लिए 50-50 हजार रुपए की 3 गड्डियां, कुल डेढ़ लाख रुपए रखे हुए थे। परिवार जब शोरूम में आभूषण देखने में व्यस्त था, तभी एक बच्ची के साथ आईं 2 महिलाएं उनके पीछे खड़ी हो गई। सी.सी.टी.वी. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिलाओं में से एक ने बेहद सफाई से सोफे पर रखे बैग की चेन खोली और उसमें से नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों महिलाएं बच्ची के साथ बिना किसी शक के शोरूम से बाहर निकल गईं। उनकी गतिविधियां इतनी स्वाभाविक थीं कि वहां मौजूद लोगों को लगा कि वे भी उसी परिवार के साथ आई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित मंगल सिंह ने बताया कि गहने पसंद करने के बाद जब शाम को उन्होंने बैग की जांच की तो उसमें केवल तौलिया मिला और नकदी गायब थी। उसके बाद वह तुरंत शोरूम पहुंचे, जहां सी.सी.टी.वी. फुटेज देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। घटना ने क्षेत्र के व्यापारियों और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह की शातिराना चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। डी. एस.पी. अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच की जा रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें