Himachal: पंजाब में बिकने वाली बीयर की 500 पेटियों से लदा ट्रक पकड़ा, चालक के पास नहीं था परमिट

Edited By Vijay, Updated: 03 Sep, 2026 04:56 PM

truck loaded with 500 boxes of punjab marka beer caught in himachal

हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कुल्लू जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

कुल्लू (दिलीप): हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कुल्लू जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कुल्लू-मनाली फोरलेन मार्ग पर जरड़ के समीप विभाग ने एक ट्रक से पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित 500 पेटी बीयर बरामद की है। इस खेप में कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और भुंतर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 7:40 बजे आबकारी विभाग की एक टीम जरड़ (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप) में नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। जब टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की पेटियां लदी पाईं गईं। इस दौरान जब विभागीय अधिकारियों ने ट्रक चालक से शराब के परिवहन से संबंधित पास, परमिट या अन्य कोई वैध दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर कोई संतोषजनक जवाब या कागज पेश नहीं कर सका।

PunjabKesari

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद की गई बीयर केवल पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित थी। पुलिस और आबकारी टीम ने जब गिनती की तो  ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग और बडवाइजर मैग्नम की 500 पेटियां बरामद हुईं। 

इस कार्रवाई को सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी (कुल्लू) सुरेश शर्मा, बंजार वृत्त के गंगाराम, आबकारी पुलिस आरक्षी अशोक कुमार और चालक सुरेश कुमार की टीम ने अंजाम दिया। विभागीय कार्रवाई के बाद ट्रक और बरामद बीयर को कब्जे में ले लिया गया है। इस संबंध में भुंतर पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

राज्य कर एवं आबकारी विभाग (कुल्लू) के उपायुक्त ने इस कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों की सतर्कता की सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि राजस्व की चोरी और हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन या व्यापार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब माफिया और इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ विभाग का यह चैकिंग और प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!