Edited By Swati Sharma, Updated: 26 Jul, 2026 03:35 PM

Solan News : उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज यहां सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के गौरवमयी इतिहास की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इससे पूर्व कारगिल शहीद स्मारक स्थल पर देश की रक्षा और गौरव...
Solan News : उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज यहां सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के गौरवमयी इतिहास की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इससे पूर्व कारगिल शहीद स्मारक स्थल पर देश की रक्षा और गौरव के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मनमोहन शर्मा ने 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा रही है और भारतीय सेना, वायु सेना तथा नौ सेना के असंख्य वीर जवान हर समय देश की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों ने सदैव हंसते-हंसते अपना बलिदान दिया है ताकि हमारा देश एवं देशवासी सुरक्षित रह सकें। उपायुक्त ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहना एवं वीर सैनिकों की वीरता और पराक्रम को सदैव नमन करना हमारा कर्तव्य है। सेवानिवृत्त कर्नल एवं उप निदेशक सैनिक कल्याण सुरेश कुमार अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को दुनिया के सबसे दुर्गम युद्ध क्षेत्र में भारतीय सेना की वीरता गाथा की स्मृति के रूप में कारगिल विजय दिवस आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन विजय में भारतीय सेना ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में पूरे पराक्रम और बहादुरी के साथ दुशमन को परास्त किया।
उपायुक्त ने कहा कि इस युद्ध 527 भारतीय सैनिक शहीद हुए। इनमें से 52 शहीद हिमाचल प्रदेश से सम्बन्ध रखते थे। उन्होंने कहा कि इन नायकों में स्व. सिपाही धर्मेन्द्र, 3 पंजाब रेजिमेंट कसौली तहसील तथा स्व. राइफलमैन प्रदीप कुमार, 4 जम्मू और कश्मीर राइफल, तहसील रामशहर ज़िला सोलन के निवासी थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राजकुमार चंदेल, उपमण्डलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, सेवानिवृत्त्त कर्नल आर.के. गौतम, सोलन लीग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त सुबेदार डी.आर. पुंडीर, सेवानिवृत्त कैप्टन वी.एस. जगोता, सेवानिवृत्त सुबेदार जगदीश राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें