Edited By Vijay, Updated: 01 Aug, 2019 10:56 PM
लोकसभा में पास हुए राष्ट्रीय चिकित्सा विधेयक 2019 के खिलाफ देशभर के डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा के एम.बी.बी.एस. कर रहे डॉक्टरों ने वीरवार को कोई भी कामकाज नहीं किया है।
कांगड़ा (किशोर): लोकसभा में पास हुए राष्ट्रीय चिकित्सा विधेयक 2019 के खिलाफ देशभर के डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा के एम.बी.बी.एस. कर रहे डॉक्टरों ने वीरवार को कोई भी कामकाज नहीं किया है। डॉ. मनीला ने बताया कि बिल के विरोध के चलते 60 डॉक्टरों ने भूख हड़ताल कर दी है तथा इस बिल के समर्थन में टांडा के टैमकोट एसोसिएशन, आर.डी.ए. तथा हिमाचल प्रदेश मैडीकल आफिसर एसोसिएशन ने भी अपना समर्थन दे दिया है। उन्होंने बताया कि ये सभी डॉक्टर हमारे साथ काले बिल्ले लगाकर इस बिल के विरोध में शामिल हो गए हैं।
...तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं डॉक्टर
टैमकोट के अध्यक्ष डा. आर.एस. जसवाल, उपाध्यक्ष डॉ. मिलाप शर्मा व महासचिव डॉ. आर.के. अवरोल, रैजीडैंट डाक्टर एसोसिएशन टांडा के अध्यक्ष डॉ. अभिनव राणा तथा हिमाचल मैडीकल ऑफिसर एसोसिएशन के महासचिव डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि एन.एम.सी. बिल जोकि लोकसभा में पास किया गया है, इसका हम कड़ा विरोध करते हैं। सरकार द्वारा पास किया गया यह बिल सरासर डॉक्टरों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि इस बिल को वापस नहीं लिया गया तो सभी डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं। इस हड़ताल के चलते टांडा मैडीकल कॉलेज में वार्डों में रोगियों को परेशान होना पड़ा।