शांता-कश्यप के टिकट पर संशय बरकरार, कांगड़ा से राजीव भारद्वाज के नाम की पैरवी

Edited By Vijay, Updated: 22 Mar, 2019 11:31 PM

suspension on shanta kashyap s ticket

प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के साथ शिमला से सांसद वीरेंद्र कश्यप को टिकट दिए जाने पर संशय बना हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बढ़ती उम्र के कारण शांता कुमार का टिकट कटना पहले से तय माना जा रहा था और इसका आभास स्वयं...

शिमला: प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के साथ शिमला से सांसद वीरेंद्र कश्यप को टिकट दिए जाने पर संशय बना हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बढ़ती उम्र के कारण शांता कुमार का टिकट कटना पहले से तय माना जा रहा था और इसका आभास स्वयं उनको भी था। संभवत: इसी कारण उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। सूत्रों के अनुसार ताजा घटनाक्रम से शांता कुमार नाराज भी बताए जा रहे हैं जिस कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके साथ अलग से मंत्रणा भी की है। इसके बाद शांता कुमार की तरफ से राजीव भारद्वाज के नाम को आगे किए जाने की सूचना है।

छात्र राजनीति से लेकर पार्टी में सक्रिय रहे हैं राजीव भारद्वाज

राजीव भारद्वाज छात्र राजनीति से लेकर पार्टी में सक्रिय रहे हैं और वर्तमान में के.सी.बी. (कांगड़ा बैंक) के चेयरमैन हैं। उनके अलावा गद्दी नेता त्रिलोक कपूर और खाद्य, नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र (आरक्षित) से वर्तमान सांसद वीरेंद्र कश्यप पर एंटी इनकम्बैसी फैक्टर भारी पड़ा है, ऐसे में उनका टिकट कटने पर विधायक सुरेश कश्यप या फिर एच.एन. कश्यप को चुनाव मैदान में उतारे जाने की संभावना है। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर और मंडी से रामस्वरूप शर्मा का टिकट लगभग फाइनल है।

नई दिल्ली में जारी रहा बैठकों का दौर

सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली में शुक्रवार को बैठकों का दौर जारी रहा। इसके तहत पहले प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के आवास पर होने की सूचना है। कोर कमेटी के बाद चुनाव समिति की बैठक हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ टिकटों को लेकर चर्चा हुई है जिसके बाद अब भाजपा संसदीय बोर्ड इस पर अंतिम मोहर लगाएगा।

बैठक में इन्होंने लिया भाग

बैठक में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा और प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी तीर्थ सिंह रावत के भी भाग लेने की सूचना है। जानकारी के अनुसार इससे पहले टिकट के दावेदार नेता पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और एच.एन. कश्यप ने भी केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की है।

भाजपा लोकसभा प्रभारी रावत को गढ़वाल से टिकट

हिमाचल चुनाव प्रभारी तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड के गढ़वाल से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। उनके संसदीय क्षेत्र में पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा। ऐसे में हिमाचल प्रदेश भाजपा को उनकी सेवाएं 11 अप्रैल के बाद ही मिल सकेंगी।

कांग्रेस की तरफ बढ़ा सुखराम का झुकाव

मंडी संसदीय क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पौत्र आश्रय शर्मा का टिकट कटने की संभावना को देखते हुए उनका झुकाव कांग्रेस की तरफ बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार वह वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हैं और टिकट प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इसी तरह पूर्व सांसद सुरेश चंदेल भी भाजपा से नाराज चल रहे हैं तथा कांग्रेस का दामन भी थाम सकते हैं।

 

Related Story

Trending Topics

India

397/4

50.0

New Zealand

327/10

48.5

India win by 70 runs

RR 7.94
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!