Edited By Vijay, Updated: 14 Aug, 2018 09:33 PM
हिमाचल की औद्योगिक नगरी नालागढ़-बद्दी में एक के बाद एक हत्याएं होने का प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा संज्ञान लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है।
शिमला: हिमाचल की औद्योगिक नगरी नालागढ़-बद्दी में एक के बाद एक हत्याएं होने का प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा संज्ञान लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। सरकार आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि नालागढ़-बद्दी आपराधिक घटनाओं का गढ़ बन गया है। औद्योगिक नगरी की लचर कानून व्यवस्था की पोल सोमवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने खोल कर रख दी है। उन्होंने कहा कि बदमाश नालागढ़ के खरूणी गांव में न केवल लूटपाट के इरादे से सुबह 3 बजे स्कूल मालिक एवं प्रिंसीपल के घर में घुसे बल्कि चाकुओं से गोद कर उनकी हत्या भी कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इतनी बड़ी वारदात की खबर तक नहीं लगी। इसके साथ ही मंगलवार को बद्दी में मजदूर का मर्डर हो गया।
चैन की नींद सो रही पुलिस, जयराम सरकार सत्ता के नशे में चूर
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद नालागढ़ व बद्दी में आमजन का जीना दूभर हो गया है। पुलिस चैन की नींद सो रही है और जयराम सरकार सत्ता के नशे में चूर है। उसे उद्यमियों व आम आदमी की सुरक्षा का जरा भी ख्याल नहीं है। अन्य जिलों में भी क्राइम का स्तर बीते 7-8 माह में एकाएक बड़ा है।
आपदा प्रबंधन धराशायी
उन्होंने हिमाचल में भारी बरसात से हुई तबाही के बाद जनजीवन सामान्य न होने पर भी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि बारिश में सरकार का आपदा प्रबंधन पूरी तरह धराशायी हो गया। मुख्य सचिव खुद शिमला में खलीनी बाईपास पर जाम में फंसे रहे। उनकी मदद को भी घंटों तक कोई नहीं पहुंचा। इससे खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि आम जनता का क्या हाल हुआ होगा।
धीमी गति से चल रहा राहत कार्य
उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीते सोमवार को भारी बारिश के कारण जहां घर से निकलना मुश्किल था, वहीं सरकार ने छात्रों की जान के साथ खिलवाड़ किया। बच्चों को स्कूल पहुंचने के बाद छुट्टी की गई जबकि मूसलाधार बारिश को देखते हुए सुबह ही इसकी घोषणा कर सूचना को प्रचारित करना चाहिए था।